कार्यक्रम में बोलते मनोज सिन्हा
- फोटो : amar ujala
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने चंदौली में कहा कि अमृतसर ट्रेन हादसे में रेलवे की चूक नहीं है। स्थानीय प्रशासन सक्रिय होता तो इसे टाला जा सकता था। रेल राज्य मंत्री सकलडीहा और धीना रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का शिलान्यास करने से पहले पीडीडीयू जंक्शन पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अमृतसर आयुक्त के अनुसार रावण दहन कार्यक्रम की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। ऐसे में प्रशासन ने यदि सावधानी बरती होती तो यह घटना नहीं होती। कहा कि इस कार्यक्रम की जानकारी रेलवे को नहीं थी। यदि रेलवे को जानकारी होती तो शायद यह हादसा नहीं होता।
उन्होंने कहा कि इस पर बिना वजह राजनीति नहीं होनी चाहिए। कहा कि यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए रेलवे प्रयास कर रहा है। पिछली सरकार ने रेलवे के विकास पर एक साल में सिर्फ 48 हजार करोड़ रुपये खर्च किया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल 1.48 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए बक्सर से वाराणसी तक नई मेमू ट्रेन चलाई जाएगी। इससे वाराणसी से बक्सर तक रोजाना आने जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। समय के साथ लोगों का किराया भी बचेगा।