मनिंदरजीत सिंह बिट्टा (फाइल फोटो)
- फोटो : राजन राय/अमर उजाला, नोएडा
ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने देश के मुसलमानों से अपील की है कि वे मंदिरों को तोड़कर बाबर और औरंगजेब के नाम पर बनाई गई मस्जिदों का विरोध करें और उसे हिंदू समाज को वापस लौटा दें।
इससे सेक्युलरिज्म मजबूत होगा। बिट्टा ने सिख समाज का उदाहरण देते हुए कहा कि हमने भी पंजाब में मासूमों का कत्लेआम करने वाले भिंडरावाले का विरोध किया था।
बृहस्पतिवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत में बिट्टा ने कहा कि अगर अयोध्या में अजमेर शरीफ जैसी दरगाह होती तो उसे बचाने के लिए वे अपनी जान लड़ा देते, मगर यहां कुछ आततायी सुल्तानों ने निर्दोंष लोगों पर जुल्म ढाया।
ऐसे में मुस्लिम समाज को इनसे नाता तोड़कर वह जमीन हिंदुओं को लौटा देनी चाहिए। उन्होंने मोदी सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म किया जाए। बिट्टा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट विश्वनाथ धाम की प्रशंसा की और विरोध करने वाले संतों को भी आडे़ हाथ लिया।