लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के मढ़वा लमही निवासी हिमांशु सिंह अपने दो दोस्तों चांदमारी निवासी निर्भय सिंह और चांदमारी वीडीए कॉलोनी निवासी आदर्श गुप्ता के साथ रात में संदहा चौराहे से चांदमारी की ओर बाइक से बढ़ा।
रात लगभग ढाई बजे के आसपास बाइक सवार तीनों दोस्त लालपुर पुलिस चौकी से लगभग 400 मीटर दूर पहुंचे थे कि मुंह पर गमछा बांधे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका। तीनों दोस्त कुछ समझ पाते कि तब तक बदमाशों ने लक्ष्य करते हुए अंधाधुंध गोलियां चलाईं। बाइक पर बीच में बैठे आदर्श गुप्ता के कंधे पर गोली लग गई। फायरिंग के बाद हवा में असलहा लहराते हुए बाइक सवार हमलावर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर-पांडेयपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल आदर्श को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। दोस्त हिमांशु सिंह ने पुलिस को बताया कि रंजिश में लव और कुश ने हमला किया। इन दोनों से दुश्मनी चल रही थी। थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और पुरानी रंजिश के आधार पर आरोपियों लव व कुश की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। दोनों पक्ष पूर्व परिचित भी बताए गए हैं, दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर घटना हुई है।
क्राइम ब्रांच और थाने की पुलिस घटना की तफ्तीश में जुटी हुई है। संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - राजेश कुमार पांडेय, डीसीपी वरुणा