उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में रविवार रात एंबुलेंस ही एक अधेड़ के मौत की वजह बन गई। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
जिले के कछवां थाना क्षेत्र के कटका पड़ाव निवासी मुनीम पासवान पुत्र स्व. फूलचंद पासवान(45) एक पोल्टरी फार्म का मालिक था। रविवार की रात दस बजे जब वह घर वापस जा रहा था तभी एक एंबुलेंस से मुनीम को जोरदार धक्का लग गया। जिससे मुनीम की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख आसपास के लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मनोज सिंह व विनोद दुबे ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मिर्जापुर भेज दी। मृतक छह बेटियों और एक बेटे का पिता था।