युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी गड़वार थाना क्षेत्र की एक युवती से करीब चार महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और उन्होंने साथ रहने का फैसला किया। युवक का दावा है कि दोनों ने मंदिर में शादी भी की थी। उसके अनुसार, करीब दो महीने साथ रहने के बाद युवती अपने घर लौट आई। रविवार को वह उसे अपने साथ ले जाने पहुंचा, लेकिन युवती के परिजनों ने इसका विरोध किया और उसके साथ मारपीट की। इससे आहत होकर उसने हाईटेंशन टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस युवती और उसके परिजनों को भी मौके पर लेकर पहुंची। पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक को समझाया। आश्वासन मिलने के बाद वह टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
गड़वार थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।