फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें : संन्यासिन के साथ दुष्कर्म का प्रयास, FIR, जमीन की कराई फर्जी रजिस्ट्री

Sun, 10 Nov 2024 09:13 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी के सामनेघाट की निवासी एक संन्यासिन ने दुष्कर्म और धमकाने के आरोप में लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, कैंट थाने में जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का मामला दर्ज किया गया है। शंकरपुर निवासी पीड़ित ने आरोप लगाया था। आए जानते हैं अन्य खबरें...
 
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सामने घाट क्षेत्र की मारुति नगर कॉलोनी स्थित एक आश्रम में रहने वाली संन्यासिन ने दुष्कर्म के प्रयास के आरोप और धमकाने के आरोप में लंका थाने में चार पर मुकदमा दर्ज कराया है। उसके अनुसार आश्रम के समीप चंदौली जिला निवासी कृष्ण प्रताप सिंह और उसका बेटा गोपाल सिंह रहता है। कृष्ण प्रताप सिंह उन्हें देखकर अश्लील गाने गाता है। 

विज्ञापन


आठ नवंबर की रात करीब 9.30 बजे वह गोशाला में गायों की देखभाल कर रही थीं। उसी दौरान उन्हें अश्लील गाली सुनाई दी तो उन्होंने विरोध किया। इस पर कृष्ण प्रताप, उसका बेटा गोपाल, पत्नी सरस्वती देवी और उसकी बेटी उनका मुंह दबाकर अपने घर के अंदर खींचने लगे। कृष्ण प्रताप ने उनके कपड़े नोचकर अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हुए तो सभी जान से मारने की धमकी देने लगे। कृष्ण प्रताप ने कहा कि आज बच गई। आगे तुम्हारे साथ दुष्कर्म कर तुम्हारे चेहरे पर तेजाब फेकूंगा। 

दुष्कर्म कर शादी की, फिर छोड़ कर भाग गया
मड़ौली क्षेत्र की शादीशुदा महिला ने एक आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला के अनुसार वह अनुसूचित जाति की है और शादीशुदा है। काम की तलाश में वह बीएलडब्ल्यू गई थी। वहां उसकी मुलाकात बिहार के समस्तीपुर जिले के मुस्तफापुर के मूल निवासी और नाथूपुर जलालीपट्टी में रहने वाले विनोद महतो से हुई। वह उसे अपने प्रेमजाल में फंसा कर तुलसीपुर महमुरगंज स्थित अपने किराये के मकान में ले गया। वहां उसने उसके साथ यौन संबंध बनाकर वीडियो बना लिया। शादी के कुछ समय बाद उसे उसके घर छोड़ कर भाग गया। 

विज्ञापन

चार भाइयों पर महिला सहित 10 लोगों ने किया हमला
जंगमबाड़ी निवासी चार भाइयों को खारीकुआं में महिला सहित 10 लोगों ने अपने घर में खींच लिया। इसके बाद सभी पर लाठी-डंडा और रॉड से हमला कर दिया। इसमें तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के संबंध में दशाश्वमेध थाने में तीन नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जंगमबाड़ी निवासी दीपक यादव ने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई अंकित का पैसे के लेनदेन को लेकर श्रेयांस यादव उर्फ गुनगुन से विवाद था। उधर, इस संबंध में दशाश्वमेध थाने की पुलिस तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जेई और हेड कांस्टेबल के बीच मारपीट
गोसाईपुर पुलिस चौकी पर टूटे केबल जोड़ने पहुंचे बिजली विभाग के जेई और हेड कांस्टेबल के बीच मारपीट हो गई। जेई का आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने पीटा और धमकी दी। जेई पंकज का आरोप है कि गोसाईपुर गांव के पास तार टूट गया था। उसे जोड़ने के लिए लाइनमैन को भेजा तो किशन मिश्रा ने तार नहीं जोड़ने दिया। इसकी शिकायत थाना प्रभारी ईश्वर दयाल दुबे से की गई तो उन्होंने गोसाईपुर चौकी पर भेज दिया। गोसाईपुर चौकी पर हेड कांस्टेबल नीरज राय ने पीटा और धमकी दी। उधर, हेड कांस्टेबल नीरज राय का कहना था कि उन्होंने भैठोली में जमीन ली है। उसके ऊपर से तार दोड़ा दिया। इसकी शिकायत अधिशासी अभियंता से की थी। थाना प्रभारी ईश्वर दयाल दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पति सहित छह लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा
वाराणसी। आदर्श नगर, तुलसीपुर कॉलोनी में विवाहिता की मौत के मामले में पति सहित ससुराल के छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पटना में रहने वाली विवाहिता की बहन पार्वती सिंह की तहरीर के आधार पर की गई है। आदर्श नगर, तुलसीपुर कॉलोनी में रहने वाले चंदन सिंह ने शुक्रवार को पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी सोनी सिंह (26) ने फंदा लगाकर जान दे दी है। 

जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराई, तीन पर केस
शंकरपुर निवासी मृत्युंजय पांडेय की शिकायत पर कैंट थाने की पुलिस ने फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री कराने के आरोप में तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृत्युंजय ने पुलिस को बताया कि उनकी दादी वैदेही पांडेय के नाम से जमीन है। आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज से वैदेही गिरि नाम की महिला को रजिस्ट्री कार्यालय में खड़ा कराकर जमीन की रजिस्ट्री कर दी। रजिस्ट्री करने वाला डी प्रेमा इंफ्रॉटेक का प्रबंध निदेशक दिलीप कुमार मिश्रा है। इसमें अभिषेक सिंह शामिल था। पुलिस ने दिलीप मिश्रा, अभिषेक सिंह और वैदेही गिरि के खिलाफ केस दर्ज किया है। 

युवक ने पेड़ की डाल पर फंदा लगाकर जान दी
मुगदलपुर, गोला निवासी एक युवक ने शनिवार को घुरहूपुर स्थित एक खाली प्लाॅट में नीम के पेड़ की डाल पर फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था। वह अपने पिता से अकसर कहता था कि बाऊ दवइया में त बहुत पइसा लगी ना...। सूचना पाकर सारनाथ थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मुगदलपुर, गोला निवासी चंदन मौर्या (20) के पिता राम बदन मौर्या ने बताया कि उनका बेटा वर्ष 2024 में इंटर की परीक्षा पास किया। 

प्रो. विश्वंभर बने लाइब्रेरी के प्रोफेसर इंचार्ज
आईएमएस बीएचयू में ईएनटी डिपार्टमेंट में प्रोफेसर विश्वंभर नाथ सिंह को संस्थान की लाइब्रेरी का नया प्रोफेसर इंचार्ज बनाया गया है। आईएमएस निदेशक कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। अब तक फिजियोलॉजी विभाग के प्रो. संजीव कुमार सिंह के पास यह जिम्मेदारी थी। उनके मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य बनने के बाद अब प्रो. विश्वंभर सिंह को नया प्रोफेसर इंचार्ज बनाया गया है।

पिंडरा महोत्सव दिसंबर में
पिंडरा महोत्सव दिसंबर में होगा। इसमें 501 सामूहिक विवाह कराया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस महीने करीब 120 विवाह कराया जाएगा। समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दूबे ने बताया कि पिंडरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसमें 501 सामूहिक विवाह कराने की योजना है। इसके लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। 

डॉ. सुरेंद्र कुमार बने नगर स्वास्थ्य अधिकारी
डॉ. सुरेंद्र कुमार नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी होंगे। वह अभी तक देवरिया में एसीएमओ के रूप में कार्यरत थे। वाराणसी में तैनात रहे डॉ. प्रदीप कुमार को संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। 

भाजपा नेता का एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव के काशी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इस दौरान डॉ. संजय पाठक, डॉ. मनोज शाह, अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे। 

मुकेश को मिला मधुकर खेर पत्रकारिता पुरस्कार
छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार मुकेश एस सिंह को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस समारोह में मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से नवाजा गया है। नवा रायपुर में आयोजित समारोह में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उन्हें सम्मानित किया। मूल रूप से वाराणसी के नटिनियादाई बसही स्थित निर्मल विहार कॉलोनी निवासी सुरेंद्र सूर्यबली सिंह, निर्मला सिंह के बेटे मुकेश को मिला सम्मान छत्तीसगढ़ का सर्वोच्च पत्रकारिता सम्मान है। 

पटना में परेड कर दिखाएंगे हुनर
गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर होने वाली परेड का हिस्सा बनने के लिए एनसीसी कैडेट के साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के स्वयंसेवकों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई। पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर में स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे, यहां से उनका चयन दिल्ली परेड के लिए होगा।

10 से 19 नवंबर तक बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पटना में परेड शिविर में हिस्सा लेने वाले महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के तीन स्वयंसेवक रवाना हो गए। कुलपति ने शनिवार को तीनों विद्यार्थियों को बधाई दी। रासेयो के समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम ने बताया कि स्वयंसेवक श्रेया शिंदे, हिमांशु सिंह और आदर्श आर्या परेड में प्रतिभाग करेंगे। 

शास्त्र को शस्त्र की तरह नहीं करना चाहिए प्रयोग
सिंधु सभ्यता से लेकर आजादी प्राप्त होने तक भारतीय संस्कृति समन्वय की संस्कृति है। भारतीय संस्कृति समन्वय की संस्कृति है सांस्कृतिक एकता की संस्कृति है। हमें शास्त्र को शस्त्र की तरह इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। यह संदेश कौन है भारत माता नाटक के माध्यम से कलाकारों ने दिया। शनिवार को अशोक मिशन जन नाट्यशाला में खेल तमाशा थियेटर ग्रुप के कलाकारों ने नाटक का मंचन किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रसिद्ध पुस्तक डिस्कवरी ऑफ इंडिया पर आधारित नाटक में सिंधु घाटी की सभ्यता, हड़प्पा, पौराणिक कथाओं से होते हुए आजादी की लड़ाई का भी मंचन हुआ। 

हिमाचल के राज्यपाल ने मार्कंडेय महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल ने सपरिवार शनिवार को कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कराया। उन्होंने विशेष आरती में भी भाग लिया। उन्होंने गोस्वामी समाज से मंदिर के ऐतिहासिक महत्व और यहां के धार्मिकता की विस्तृत जानकारी ली। 

यहां के अद्वितीय धार्मिक स्थल व यहां कराए गए विकास का अवलोकन कर इस धार्मिक स्थल के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। उन्होंने भगवान शिव से देश, समाज और जनकल्याण  के लिए अराधना की। अनुष्ठान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। 

पंज प्यारों की अगुवाई में आज निकलेगी शोभायात्रा
गुरुनानक देव महाराज के 555वें प्रकाशोत्सव का आयोजन 15 नवंबर को गुरुद्वारा गुरुबाग में होगा। इसके पूर्व 10 नवंबर को धार्मिक शोभायात्रा श्री गुरुग्रंथ साहिब व पंज प्यारों की अगुवाई में निकलेगी। शोभायात्रा गुरुद्वारा गुरुबाग से लक्सा, गिरजाघर, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया से सिगरा चौराहा से रथयात्रा होते हुए गुरुद्वारा गुरुबाग पर पहुंचकर समाप्त होगी। मुख्य ग्रंथी भाई रंजीत सिंह एवं महंत सिंह ने काशीवासियों से विनती की है कि वह शोभायात्रा में शामिल हों। मुख्य गुरुपर्व पर 15 नवंबर को रागी जत्था भाई जगतार सिंह एवं भाई गुरप्रीत सिंह शबद गायन कर संगत को निहाल करेंगे।

बीएचयू में मनी कवि धूमिल की जयंती
बीएचयू के मधुबन में सुदामा प्रसाद पांडेय धूमिल की जयंती मनाई गई। धूमिल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अभिव्यक्त की गई। उनके द्वारा रचित कविताओं का पाठ किया गया और उनके भाव पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जिले के खेवली गांव में 1936 में जन्मे जनकवि एक बेहद साधारण परिवार से थे। 13 साल में शादी और 15 साल में ही पिता की असमय मृत्यु हो गई। परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी अल्पायु में ही इनके ऊपर आ गई। आईटीआई में काम करने के साथ ही कविताओं की रचना की। धूमिल की कविता को हिंदी साहित्य के विद्वानों ने अकविता कहा। 

कुलदेवता सहस्त्रबाहु को किया नमन
जायसवाल सभा काशी की ओर से उनके कुलदेवता सहस्त्रबाहु अर्जुन महाराज की जयंती शनिवार को चेतगंज स्थित खेदनलाल इंटर काॅलेज में मनाई गई। संस्था के अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, महामंत्री अनिल कुमार जायसवाल, विद्यालय के प्रबंधक अमरेश जायसवाल ने उनके चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर नमन किया। नगर निगम से शहर में सहस्त्रबाहु अर्जुन की प्रतिमा लगवाने की मांग की गई। 

मिलन में दिखेगी लोक संस्कृति की झांकी
मारवाड़ी युवा मंच की ओर से सामाजिक मिलन समारोह ये शाम मस्तानी का आयोजन 17 नवंबर को शाम छह बजे से बाबतपुर रोड स्थित सांवरिया लाॅन में होगा। इसमें लोक संस्कृति की झांकी दिखेगी तो दिल्ली के फायर शो की प्रस्तुति होगी। लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष आलोक बोहरा ने की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। 

काशी वैभव पर मंथन
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में काशी वैभव एक एतिहासिक विमर्श पर संगोष्ठी हुई। दूसरे दिन काशी के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की। कोलकाता के सेरामपुर कॉलेज की इतिहास विभाग की अध्यक्ष प्रो. मौमी बनर्जी ने शोधपत्र के माध्यम से बनारस और बंगाल के सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डाला। प्रो. नंदिता बनर्जी ने भारतीय सिनेमा और बनारस विषय पर व्याख्यान दिया। 

सितार पर बंदिशें छेड़ किया मगन
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से नेहरू पार्क में वरुणा संध्या में युवा सितार वादक रोनित चटर्जी ने सितार की झंकार से सभी को झंकृत किया। उन्होंने राग चारुकेशी में तीन ताल की प्रभावी प्रस्तुति दी। अफगानी धुन के बाद राम आएंगे-आएंगे... धुन से वादन को विराम दिया। तबले पर श्रीकांत मिश्रा ने संगत की। इस दौरान शहनाई वादक पं. दुर्गा प्रसन्ना, मूर्तिकार बद्री प्रसाद प्रजापति, उस्ताद बाबू खां, तनुज वर्मा मौजूद रहे। 

राम जी करेंगे सबकी नैया पार
लोहता के छितौनी गांव में रामजानकी मंदिर पर श्रीमद्भागवत कथा हुई। शनिवार को कथावाचक राघव महाराज ने श्रोताओं को श्रीराम जन्म उत्सव का वर्णन करके रामलीला के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि इस कलिकाल में भगवान राम ही सबकी नैया पार करेगें। उनका स्मरण सबको हमेशा करना चाहिए।

आठ घंटे में 15 किमी की दूरी तय कर आज करेंगे षोडश विष्णु यात्रा
कार्तिक मास में काशी में मौजूद षोडश विष्णु के दर्शन पूजन के लिए षोडश विष्णु यात्रा निकाली जाएगी। भक्त इसके लिए आठ घंटे में 15 किमी की दूरी तय करेंगे। पैदल यात्रा प्रयाग माधव विष्णु से शुरू होकर श्रीज्ञान माधव विष्णु के दर्शन के बाद समाप्त होगी।

सुबह आठ बजे से निकलने वाली यात्रा में पूर्वांचल के अलावा बंगलूरू और हैदराबाद के भक्त भी शामिल होंगे। कार्तिक मास भगवान विष्णु को समर्पित होता है। काशी खंड में भगवान विष्णु के षोडश विष्णु की प्रतिमा को काशी में विराजमान बताया है, जिनके दर्शन पूजन का फल भक्तों को मिलता है। काशी प्रदक्षिणा यात्रा समिति के बैनर तले 52 साल से निकाली जा रही यात्रा के संयोजक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि काशी में भगवान विष्णु के 79 मंदिर हैं। काशी खंड में षोडश विष्णु का वर्णन है। 

डीप स्टेट हिंदू राष्ट्र के सामने सबसे बड़ी चुनौती
पंचक्रोशी रोड स्थित स्मृति भवन लॉन में दो दिवसीय हिंदू राष्ट्र अधिवेशन का शुभारंभ हुआ। इसमें भारत को हिंदू राष्ट्र कैसे घोषित किया जाए, इस पर चर्चा की गई। हिंदू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक डॉ. पिंगले ने कहा कि आज हमें अर्बन नक्सलवादी शक्तियां चुनौती के रूप में दिख रहीं हैं।

डीप स्टेट तीसरी अदृश्य धर्म विहीन शक्ति है, जो विश्व की बौद्धिक और आर्थिक शक्ति से सक्षम उद्यमियों द्वारा संचालित है। उन्होंने कहा कि वर्तमान के सभी विभाजनकारी षड्यंत्र के पीछे डीप स्टेट है। भविष्य में डीप स्टेट ही हिंदू राष्ट्र के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती होगी। अखिल भारतीय विद्वत परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि केवल भारत नहीं अपितु 15 और देश हिंदू राष्ट्र होने के मार्ग पर हैं। इस दौरान अजीत सिंह बग्गा, अजीत मिश्रा, स्वामी ब्रह्मानंद, शंकर खराल मौजूद रहे। 

काशी में पहली बार होगा रन फॉर राम
यूपी कॉलेज के प्राचीन छात्रावास जिला अध्यक्ष पवन कुमार सिंह और प्रांत अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। काशी में पहली बार रन फॉर राम कार्यक्रम पर चर्चा की गई। रन फॉर राम दौड़ एक दिसंबर को सुबह 6 बजे शास्त्री घाट वरुणापुल से शुरू होकर जेपी मेहता इंटर कॉलेज से सेंट्रल जेल, शिवपुर चुंगी, भोजूबीर, अर्दली बाजार, पुलिस लाइन चौराहा, एसबीआई होते हुए शास्त्री घाट पर समाप्त होगी। पुरस्कार समारोह शाम 5 बजे काशी विश्वनाथ धाम में भजन संध्या के साथ कराने की तैयारी है। बैठक में जिला उपाध्यक्ष विभोर भृगुवंशी, जिला कोषाध्यक्ष राम आसरे यादव, जिला कार्यकारिणी सदस्य सत्येन्द्र सिंह व जिला आईटी प्रमुख विवेक पटेल रहे। 

10 दिनों तक करिये 150 स्टाॅलों पर खरीदारी
पूर्वांचल निर्यातक संघ की ओर से बेनियाबाग पार्क में दस दिवसीय गांधी शिल्प बाजार का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ शनिवार को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। शिल्प बाजार में कश्मीर से कन्याकुमारी समेत अन्य प्रांतों के 150 स्टाॅल लगाए गए हैं। बनारसी साड़ी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, जूता-चप्पल, कंबल-रजाई, कपड़े, सूटकेस, अचार-मुरब्बा, दरी और कालीन के स्टाॅल पर पहले दिन ग्राहकों की भीड़ रही। मेयर अशोक तिवारी ने हस्तशिल्पियों का उत्साहवर्धन किया। 

व्यापारियों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण
पूर्वांचल आत्मनिर्भर महिला व्यापार मंडल की बैठक शनिवार को रथयात्रा स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई। इसमें तय हुआ कि वाराणसी में व्यापारियों के बीच स्वास्थ्य शिविर, बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनवाने और महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की मुहिम शुरू की जाएगी। अध्यक्षता वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजित सिंह बग्गा और संचालन मंडल प्रभारी डॉ. नीलिमा चौबे ने किया। 

एकमुश्त समाधान योजना शुरू 
परिवहन विभाग की ओर से एकमुश्त समाधान योजना शुरू की गई है। इसमें वाहनों के जुर्माना में छूट दी जाएगी। एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि वाहनों के कर बकाया और विलंब शुल्क पर छूट प्रदान करने के लिए एकमुश्त समाधान योजना 6 नवंबर से शुरू की गई है। पंजीकरण कराकर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। हल्के वाहन के लिए 200 रुपये और भारी वाहन के लिए 500 रुपये पंजीकरण राशि निर्धारित की गई है। 

आयुष मंत्री ने ली श्याम देव राय के स्वास्थ्य की जानकारी 
आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु शनिवार को रवींद्रपुरी कॉलोनी स्थित ओरियाना अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मंत्री श्याम देव राय चौधरी से मुलाकात कर स्वास्थ्य का हाल चाल जाना। 

जेल में बंद सपा कार्यकर्ता से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष 
जेल में बंद सपा कार्यकर्ता जवाहर यादव से नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव जिला कारागार में मिलने पहुंचे। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि पुलिस ने सपा कार्यकर्ता को फर्जी मामले में जेल में बंद किया है। 

यातायात पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के प्रति किया जागरूक
यातायात पुलिस ने स्कूलों में बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। यातायात निरीक्षक धनंजय सिंह ने यातायात के नियमों की जानकारी दी। यातायात उप निरीक्षक नारायण सिंह व देवानंद बरनवाल ने कहा कि ओवर स्पीड में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करना हादसे का कारण बन रहे हैं। 

बैंक कर्मी ने पत्नी और उसके भाई पर दर्ज कराया केस
पति ने पत्नी समेत दो के खिलाफ पत्नी और उसके भाई पर केस दर्ज कराया है। धमकी मामले में लंका थाने में केस दर्ज कराया है। चंदौली के अलीनगर थाने क्षेत्र के सरने निवासी पीड़ित कुनाल त्रिपाठी के अनुसार वह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर स्थित एचडीएफसी शाखा में कार्यरत है। उसका मुकदमा अलीनगर निवासी पत्नी स्वाति दुबे से चल रहा है। 

खाने में चिली पनीर की जगह चिकन निकला, हुई मारपीट
सारनाथ के मवईया स्थित एक रेस्टोरेंट में बीती शाम एक दरोगा का परिवार भोजन करने के लिए पहुंचा। खाने के लिए चिली पनीर का ऑर्डर दिया गया। आरोप है कि उसकी जगह चिली चिकन दिया गया। इसे लेकर रेस्टोरेंट संचालक के साथ मारपीट शुरू हो गई। दरोगा कुशीनगर में तैनात मनीष पांडेय बताए गए हैं। सारनाथ थाने की पुलिस ने कहा कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

अस्पतालों, सीएचसी की सुरक्षा पूर्व सैनिकों के हवाले
सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब पूर्व सैनिकों की होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को जिला सैनिक कल्याण निगम से 88 पूर्व सैनिक मिले हैं। अब तक यहां होमगार्ड तैनात रहे थे। इससे आए दिन स्वास्थ्य कर्मियों के साथ होने वाली मारपीट, हंगामे पर अंकुश लगेगा। इस तरह की सुविधा बीएचयू अस्पताल में हैं। जिले में मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, शास्त्री अस्पताल रामनगर, जिला महिला अस्पताल, एमसीएच विंग के साथ ही शहरी और ग्रामीण इलाकों को मिलाकर 14 सीएचसी है। ब्यूरो

दून और पंजाब मेल का रूट बदला
कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि रविवार को 04256 लखनऊ-प्रयागघाट पैसेंजर निर्धारित मार्ग लखनऊ-उतरेटिया-रायबरेली-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन-फाफामऊ के स्थान पर बदले मार्ग लखनऊ-उतरेटिया-रायबरेली–ऊंचाहार-फाफामऊ के रास्ते चलाई जाएगी। 15119 बनारस-देहरादून एक्सप्रेस और 13009 हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस (पंजाब मेल) बदले मार्ग मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-सुल्तानपुर-उतरेटिया-लखनऊ के रास्ते जाएगी। 

17 तक चलेगी वाराणसी दिल्ली स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 04209/04210 वाराणसी-दिल्ली आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का शनिवार को संचालन किया गया। यह ट्रेन 17 नवंबर तक संचालित होगी। कैंट, जौनपुर, शाहगंज, अयोध्या कैंट,लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, साहिबाबाद में ठहराव लेते हुए दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में प्रथम वातानुकूलित, 3 टायर वातानुकूलित, स्लीपर व सामान्य श्रेणी के कुल 15 कोच हैं। 

नए शेड्यूल से चलेगी गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी की ओपीडी
आईएमएस बीएचयू के गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग की ओपीडी नए शेड्यूल से चलाई जाएगी। इसका आदेश चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी कर दिया गया है। इसमें विभागाध्यक्ष डॉ. देवेश प्रकाश यादव सोमवार और शुक्रवार, मंगलवार को डाॅ. अनुराग कुमार तिवारी, डॉ. एसके शुक्ला बुधवार, डॉ. विनोद कुमार की ओपीडी गुरुवार को चलेगी। 

जिला सैनिक बंधु की बैठक 13 नवंबर को
जिला सैनिक बंधु की बैठक 13 नवंबर को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में होगी। जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय ने बताया कि समस्याओं के लिए 12 नवंबर तक आवेदन पत्र की दो प्रति कार्यालय में जमा करा दें। 

देश की शीर्ष 10 पीएचडी थीसिस को मिलेगा सम्मान
भारतीय विश्वविद्यालयों में शोध को बढ़ावा देने के लिए 2025 से हर साल 10 पीएचडी थीसिस को एक्सीलेंस सम्मान मिलेगा। यूजीसी ने ‘पीएचडी एक्सीलेंस सम्मान’ के लिए इससे जुड़े पोर्टल को एक जनवरी से खोलने का फैसला लिया है। यूजीसी ने सभी राज्यों और विश्वविद्यालयों को पोर्टल और योजना का मसौदा भेज दिया है। यूजीसी अध्यक्ष प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से नामांकन करना होगा। विश्वविद्यालय साल में पांच थीसिस का चयन करेंगे। इसके बाद यूजीसी की चयन समिति 10 उत्कृष्ट थीसिस का चयन करेगी। चयनित थीसिस को प्रतिवर्ष पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

शिक्षकों, उपकुलसचिव को मिली नई जिम्मेदारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शिक्षकों और उपकुलसचिव को नई जिम्मेदारी मिली है। दर्शनशास्त्र विभाग में प्रो. नंदिनी सिंह को आईक्यूएसी का निदेशक बनाया गया है। समाजशास्त्र विभाग के प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह को रूसा का समन्वयक बनाया गया है। उपकुलसचिव प्रशासन हरीश चंद को प्रभारी अभियंत्रण विभाग बनाया गया है। शारीरिक शिक्षा एवं योग विभाग में विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष कुमार होंगे। योग विभाग के वर्तमान अध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार गौतम का कार्यकाल 23 नवंबर को अपराह्न में पूरा हो जाएगा। इसके बाद से प्रो. संतोष अध्यक्ष होंगे। 

अकादमिक अनुभाग नाम से जानी जाएगी यूजीसी यूनिट
विद्यापीठ में यूजीसी यूनिट अब अकादमिक अनुभाग नाम से जाना जायेगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार यूजीसी से संबंधित कार्यों के अतिरिक्त अकादमिक कार्य भी अनुभाग से संचालित होंगे। इसका प्रभार निदेशक अकादमिक डॉ. संदीप गिरि को दिया गया है। 

कानपुर से गंगा के रास्ते काशी पहुंचे एनसीसी कैडेट
एनसीसी का विशेष नौका अभियान दल गंगा के रास्ते 20 दिन में कानपुर से काशी पहुंचा। अब अभियान 12 नवंबर को मार्कंडेय महादेव मंदिर से चलकर 16 नवंबर को बक्सर पहुंचेगा। वहां से बंगाल के फरक्का तक जाएगा। 1260 किमी की यात्रा 25 दिसंबर को समाप्त होगी। शनिवार को 3 नाव पर 60 कैडेट वाराणसी पहुंचे हैं। कमांडर बीआर सिंह ने कहा कि ये यात्रा सांस्कृतिक आदान-प्रदान की है। 

विधिक सेवा दिवस पर निकली जागरूकता रैली
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विधिक सेवा दिवस पर शनिवार को छात्रों ने विधिक साक्षरता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। रैली में डॉ. हंसराज ने कहा कि रैली का उद्देश्य लोगों में विधिक जागरूकता का प्रसार करना है। 

विज्ञान प्रदर्शनी में वाराणसी और गाजीपुर अव्वल
मंडलस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शनिवार को वाराणसी व गाजीपुर अव्वल रहा। डीआईओएस अवध किशोर सिंह ने जूनियर व सीनियर वर्ग विजेताओं को प्रमाण पत्र के साथ ही दो से चार हजार नकद दिए गए। प्रथम स्थान पाने वाले 14 नवंबर को लखनऊ में होने वाले राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में भाग लेंगे। उद्घाटन अवध किशोर सिंह फीता काटकर किया। प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सीनियर वर्ग में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के गणेश मौर्या प्रथम रहेे। 
विज्ञापन

प्रादेशिक बैंड में 75 विद्यार्थियों ने बजाई धुन
स्कूली बैंड ने लखनऊ में मचाया धमाल। बैंड के जीला नोडल अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रादेशिक बैंड प्रतियोगिता में 25-25 के समूह में तीन टीमों के कुल 75 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। लोगों ने उत्साह बढ़ाया।

शिविरों में बने 1067 आयुष्मान कार्ड
जिले में 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पूरे जिले में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। जिलेभर में लगे शिविर में 1067 आयुष्मान कार्ड बनवाए गए। चौकाघाट पर लगे शिविर का उद्घाटन राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें