डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा सपा और बसपा का गठबंधन बेमेल है। यह ज्यादा दिन तक नहीं चल पाएगा। भासपा के अजगरा विधायक कैलाश सोनकर ने पैसे लेकर राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग की थी। यह बातें मंगलवार को उन्होंने वाराणसी के भंदहा गांव में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा सपा-बसपा का स्वाभाविक गठबंधन नहीं हो सकता। 1993 में गठबंधन हुआ था। गठबंधन 1995 में ही टूट गया। उस समय भाजपा के विरोध में मजबूरी में गठबंधन बना था।
फिर भी भाजपा ने सबसे अधिक 176 सीटें जीती थीं। गठबंधन को 172 सीटें मिलीं। तत्कालीन राज्यपाल रोमेश भंडारी के गलत निर्णय के चलते भाजपा की सरकार नहीं बनी थी।
डॉ. पांडेय ने कहा उस समय भाजपा का प्रभाव कुछ राज्यों में ही था। आज भाजपा देश के 21 राज्यो में शासन के माध्यम से आम जन की सेवा कर रही है। अमित शाह के कुशल नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे करिश्माई नेता के सामने सपा-बसपा गठबंधन दो कदम भी नहीं चलेगा। बसपा कार्यकर्ताओं की जमीन पर सपा के दबंग कब्जा किए हुए हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने अजगरा विधायक कैलाश सोनकर के राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग पर कहा कि 40 वर्ष की राजनीति में कार्यकर्ताओं और जनता को ऐसा धोखा देने वाला नहीं देखा। हमारे दल के जनसमर्थन (भाजपा-भासपा) से चुना हुआ व्यक्ति केवल रुपयों के लिए बिक गया।