सोशल मीडिया पर वायरल, शहर के कचहरी और अस्सी सहित कई अन्य स्थानों पर चस्पा
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में रविवार को कचहरी और अस्सी सहित अन्य इलाकों में चस्पा पोस्टर अचानक सुर्खियों में छा गया। पोस्टर में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय को ‘परशुराम’ के तौर पर दर्शाया गया है। इस पोस्टर के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही चर्चाओं का दौर और तेज हो गया।
पार्टी के जिम्मेदारों ने हालांकि इस पूरे मामले से किनारा कर लिया है। वहीं, राजनीतिक हलके में जातिगत वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर इसके निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो अस्सी इलाके के एक भाजपा नेता के बेटे ने ये पोस्टर चस्पा कराए हैं।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस पोस्टर पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी आईं। पोस्टर में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय की तस्वीर के साथ उनके एक हाथ में धनुष और दूसरे हाथ में कमल का फूल दिखाया गया है।
जय परशुराम के उद्घोष के साथ ही नई ताजपोशी के लिए ब्राह्मण समाज की ओर से ढेरों बधाइयां और शुभकामनाएं ज्ञापित की गई हैं। साथ ही इस पर यह भी लिखा है ‘अब होगा विरोधियों का संहार।’ इस बारे में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी पोस्टर के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पार्टी की ओर से इस प्रकार का कोई पोस्टर शहर में नहीं चस्पा कराया गया है। इस बारे में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय से संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन उनका मोबाइल बंद था।
उनके मीडिया प्रभारी श्रीनिकेतन मिश्र का कहना था कि उन्हें इस प्रकार का पोस्टर चस्पा कराए जाने की सूचना मिली है लेकिन इसे किसने चस्पा कराया है, इसकी जानकारी नहीं है।
गौरतलब है कि जब उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे तब भी इसी तरह का एक पोस्टर वायरल किया गया था। उस पोस्टर में प्रदेश अध्यक्ष को भगवान श्रीकृष्ण के अवतार के रूप में दिखाया गया था।