इस बार सावन मास 29 दिनों का ही है। इन्हीं 29 दिनों में पांच सोमवार का दुर्लभ योग बनेगा। पहला सोमवार 22 जुलाई, दूसरा 29 जुलाई, तीसरा पांच अगस्त, चौथा 12 अगस्त, पांचवां और अंतिम सोमवार 19 अगस्त को पड़ेगा। वहीं, सावन नक्षत्र और प्रीति योग बन रहा है।
पिछले साल पड़े थे 8 सोमवार
पिछले बार सावन में आठ सोमवार पड़े थे। कारण, तीन साल पर पड़ने वाले अधिमास से एक माह बढ़ गया था, यानी सावन दो माह का था और आठ सोमवार पड़े थे। जबकि चातुर्मास भी चार की जगह पांच माह का पड़ा था। पिछली बार चार जुलाई से 16 अगस्त तक 56 दिनों तक सावन माह था।
शादी में देरी पर मंगला गौरी व्रत के इस बार चार दिन
सावन में अमूमन तीन मंगलवार पड़ते हैं। इस दिन श्रद्धालु मां मंगला गौरी का व्रत रखते हैं। इस बार मंगला गौरी व्रत चार पड़ रहे हैं। पहला मंगला गौरी व्रत 23 जुलाई, दूसरा 30 जुलाई, तीसरा छह अगस्त, चौथा 13 अगस्त को पड़ रहा है। काशी में मां मंगला गौरी के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ होती है। जिन लड़कियों की शादी में देरी हो रही होती है, वह व्रत रखकर मां की पूजा करती हैं और मां को प्रिय हल्दी की माला चढ़ाती हैं।