महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर स्थित छात्रावास में रहने वाले छात्रों ने पानी की समस्या को लेकर बुधवार की देर रात कुलपति आवास का घेराव किया। आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास के छात्रों का आरोप है कि छात्रावासों में दुर्व्यवस्था व्याप्त है और विश्वविद्यालय प्रशासन लचर रवैया अपनाया हुआ है। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को शांत कराया।
छात्रों ने कहा कि छात्रावास में पिछले कई महीनों से मेस की स्थिति बहुत खराब है। इस संबंध में मुख्य गृहपति सहित अन्य पदाधिकारियों अवगत कराया जा चुका है, लेकिन वहां आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिलता है। छात्रों ने आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रावास के प्रति प्रशासन सौतेला व्यवहार कर रहा है। बीते कई दिन से पानी की समस्या बनी हुई है। शिकायत के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। वहीं छात्रों ने रात में छात्रावास गेट के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया।