पंचक्रोशी के पुण्य पथ की यात्रा पूरी
- फोटो : अमर उजाला
पैरों में छाले, फिर भी हर-हर महादेव... का जयघोष करते हुए श्रद्धालुओं ने पंचक्रोशी के पुण्य पथ की यात्रा पूरी कर ली। रविवार को बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर श्रद्धालुओं ने पुण्य यात्रा को विश्राम दिया। तीर्थयात्रा के संकल्प की पूर्णाहुति की।
मणिकर्णिका से संकल्प लेकर आरंभ हुई पंचक्रोशी की यात्रा के पांचों पड़ाव पर श्रद्धालुओं का अटूट रेला नजर आया। 84 किलोमीटर की इस यात्रा को श्रद्धालुओं ने बिना रुके, बिना थके पूरा किया। दरअसल, शुक्रवार से शुरू हुई यात्रा शनिवार को और शनिवार से यात्रा शुरू करने वालों की यात्रा रविवार देर शाम पूरी हुई।
तीर्थयात्रियों ने मणिकर्णिका तीर्थ पर स्नान करने के बाद बाबा दरबार में हाजिरी लगाकर पंचक्रोशी परिक्रमा को विश्राम दिया। थकान और बिना जूता-चप्पल यात्रा पूरी करने वाले तमाम श्रद्धालुओं के पैरों में छाले पड़ गए थे, लेकिन बाबा के दर्शन पाकर हर तीर्थयात्री के चेहरे पर संतोष था। एक दूसरे को सहारा देते, महादेव का नाम जपते श्रद्धालु आगे बढ़े और भगवान भोले के दर्शन-पूजन का अपना लक्ष्य पूरा किया।