वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉ. कुलपति तिवारी का अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। शनिवार को महंत आवास पर मेडिकल टीम पहुंची और उनके स्वास्थ्य का जायजा भी लिया। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने डॉ. तिवारी से अनशन समाप्त करने का आग्रह किया।
शनिवार को एसओ तथा सीओ दशाश्वमेध एसीएम द्वितीय के साथ दोपहर में टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पहुंचे। एसीएम द्वितीय ने उनकी मांगों से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। डॉ. तिवारी के सामने यह प्रस्ताव भी रखा गया कि पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह के कार्यकाल में मंदिर के जिस कक्ष से मूर्तियां निकाल कर दूसरे पक्ष को दी गई थीं उसी कक्ष में वापस मंगा कर रख दी जा रही हैं। उसके बाद आगे का निर्णय बातचीत के माध्यम से कर लिया जाएगा। किंतु डॉ. तिवारी रजत मूर्तियों की वापसी अथवा वापसी का लिखित आश्वासन मिलने तक अनशन नहीं तोड़ने की जिद पर अड़े हैं।