- संत पंजाबी महाराज के जन्मोत्सव पर हुआ आयोजन, आज होगा भंडारा
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। संत पंजाबी महाराज के जन्मोत्सव पर राम जानकी मठ ट्रस्ट में बुधवार को सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का महारुद्राभिषेक, सहस्त्रार्चन और महामृत्युंजय जाप हुआ। 11 वैदिक विद्वानों और मठ के बटुकों ने पं. उमाकांत याज्ञिक के आचार्यत्व में सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों की गणेश पूजा की। इसके बाद पंचामृत दूध, दही, घी, शहद और शर्करा से स्नान कराया।
पार्थिव शिवलिंगों के अभिषेक के बाद अंगवस्त्रम व सुगंधित फूल, फल और मिष्ठान्न से शृंगार हुआ। आरती उतारकर विश्वकल्याण और मानव जीवन में सुख शांति व समृद्धि के लिए ईश्वर से मंगल कामना की प्रार्थना की गई। वहीं, दूसरी ओर महामृत्युंजय जाप का पाठ चलता रहा। कार्यक्रम में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चित्रकूट ओर इलाहाबाद से आए भक्तों ने दूध और बेलपत्र से भगवान शिव का पूजन किया। मंत्रोच्चारण की गूंज से पूरा मठ प्रांगण शिवमय हो गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु पादुका का पूजन किया गया। मठ के प्रभारी संत रामलोचन दास ने बताया कि संत पंजाबी महाराज के जन्मोत्सव पर मानव कल्याणार्थ सावन मास में शिव की नगरी काशी में सामूहिक महारुद्राभिषेक का विशेष महत्व है। पार्थिव शिवलिंग के पूजन से सभी प्रकार की मनोरथ सिद्ध होते हैं। मठ में बृहस्पतिवार को भंडारे का आयोजन किया जाएगा।