सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता कबड्डी के खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
काशी सांसद खेलकूद न्याय पंचायत के अंतर्गत सर्वोदय मिनी स्टेडियम करसड़ा में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल व कुश्ती प्रतियोगिता हुई। इसमें 18 वर्ष से ऊपर और 14-18 वर्ष के महिला व पुरुष दोनों वर्ग में कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल में महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छांव विजेता रही। वहीं, सर्वोदय मिनी स्टेडियम की टीम सभी वर्गों में उपविजेता रही।
कबड्डी के 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालिका वर्ग में महामना मालवीय इंटर कॉलेज ने रानी लक्ष्मीबाई बंदेपुर को हराया। वहीं, बालक वर्ग में सर्वोदय मिनी स्टेडियम ने महामना मालवीय इंटर कॉलेज को हराया। खो-खो एवं वॉलीबॉल वर्ग में महामना मालवीय इंटर कॉलेज दोनों वर्गों में विजेता हुआ। कबड्डी के अंडर 11 आयु वर्ग बालक वर्ग में जीएस काॅन्वेंट स्कूल ने बंदेपुर गजाधरपुर को हराया।
बालिका वर्ग में महामना मालवीय इंटर कॉलेज ने गजाधरपुर को हराया। खो-खो में दोनों वर्गों में प्राथमिक विद्यालय बच्छांव प्रथम और प्राथमिक विद्यालय बंदपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल में जय मां दुर्गा क्लब की टीम विजेता रही। इस अवसर पर महामना मालवीय इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार, रूपेश कुमार राय, विनोद कुमार, ललित कुमार, कन्हैया पटेल, विकास राय, प्रियंका पटेल, विशाल पटेल आदि ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
अंतिम दिन 27,702 खिलाड़ियों में से 5980 बने विजेता
सिगरा स्टेडियम में चल रही काशी सांसद खेल प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। अंतिम दिन लंबी कूद, गोला फेंक, रस्सीकूद, चिनअप, रस्सकशी, खो-खो, कबड्डी, पुशअप, कुश्ती, वॉलीबॉल, बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं हुईं। 27,702 खिलाड़ियों में से 5980 विजेता रहे।
एथलेटिक्स में 13891 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। कुल 2990 विजेता रहे। सेवापुरी विकासखंड में 6395 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। 1160 खिलाड़ी विजेता घोषित किए गए। काशी विद्यापीठ में 1490 ने प्रतिभाग किया। 560 विजेता रहे। आराजीलाइन में 5926 में 270 विजेता रहे।
इनलाइन फ्री स्टाइल स्टेट चैंपियनशिप में विजेता बने खिलाड़ियों का सम्मान।
- फोटो : अमर उजाला
विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
इनलाइन फ्री स्टाइल स्टेट चैंपियनशिप नोएडा स्टेडियम में 7 से 10 नवंबर तक हुई। वाराणसी के खिलाड़ियों ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाराणसी पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। आयुष्मान चौरसिया, यशस्वी, वेद, प्रांजल, अंश केशरी, हर्ष खेतान, आलोक भारद्वाज, हर्ष प्रसाद व हिमांशु प्रजापति, प्रिंस केशरी, हार्दिक प्रसाद, वर्लिका पांडे की कोच आनंद ने सराहना की।
बास्केटबॉल प्रतियोगिता में काशी के 11 खिलाड़ी
68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी बास्केटबॉल अंडर-14 और अंडर-17 बालक - बालिका वर्ग की प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ में 18 से 22 नवंबर तक होगी। इसमें बनारस के 11 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें यूपी कॉलेज के सात छात्र रुद्र प्रताप, अंकुर सिंह, विराट सिंह, अयान सिंह राठौर, चमन कश्यप, शादान अहमद व मोहित यादव हैं। वहीं, तीन रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर कॉलेज की तीन छात्राएं सुहाना, अदिति चौहान व जाह्नवी पाल और शिवाजी मिशन जूनियर स्कूल की छात्रा अंतिमा पाल शामिल हैं।
लखनऊ में खेल के दौरान खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी मंडल को लखनऊ छात्रावास ने हराया
लखनऊ छात्रावास ने बुधवार को प्रादेशिक जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता के लीग दौर में वाराणसी मंडल को 5-2 से पराजित कर दिया। इस हार के बाद प्रतियोगिता में वाराणसी का सफर थम गया। रामपुर में खेली जा रही इस प्रतियोगिता में वाराणसी की टीम ने तेज शुरुआत की। आर्यन ने बाएं छोर से गोल कर वाराणसी को 1-0 से आगे कर दिया। लखनऊ की टीम ने स्कोर बराबर करने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।
पहले हाफ में स्कोर 1-0 वाराणसी के पक्ष में रहा। लखनऊ की टीम ने रणनीति में बदलाव किया। खेल के 35वें मिनट में राहुल ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। प्रशांत ने गोल कर लखनऊ को 2-1 की बढ़त दिला दी। 42वें मिनट में सत्यम पटेल ने गोल किया। इसके बाद राकेश, अकबर और सुनील ने तीन गोल कर 5-2 की भारी बढ़त दिला दी। लखनऊ की टीम ने बड़ी जीत हासिल कर ली।
पीएस तिवारी होंगे निर्णायक
गोरखपुर के वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में 15 से 20 नवंबर तक राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता होगी। इसमें वाराणसी के प्रेम शंकर तिवारी निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। 72 वर्षीय पीएस तिवारी कई साल तक उत्तर प्रदेश कुश्ती टीम के कोच रह चुके हैं। ये जानकारी कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय ने दी।
क्रिकेट : शिवपुर ने 6 विकेट से जीता मैच
सगीर अहमद मेमोरियल अंडर-16 जूनियर क्रिकेट लीग में शिवपुर क्रिकेट क्लब ने रोहित पटेल के धारदार गेंदबाजी व मोहम्मद अहमद की शानदार बल्लेबाजी से छह विकेट से मैच जीत लिया। रोहित मैन ऑफ द मैच बने। शिवपुर के ओलंपियन विवेक सिंह खेल मैदान में 35 ओवर का मैच खेला गया। शिवपुर ने 32.1 ओवर में चार विकेट खोकर 113 रन बनाकर छह विकेट से मैच जीत लिया।
दौड़ और ऊंची कूद में संदीप अव्वल
समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित तीन दिवसीय अंतर मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन मिर्जापुर स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में हुआ। इसमें वाराणसी के संदीप ने सीनियर वर्ग 100 मीटर व 400 मीटर दौड़ और ऊंची कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, पीयूष कुमार ने भाला फेंक प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रदीप ने 200 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दूबे ने शुभकामनाएं दी हैं।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 28 टीमें लेंगी हिस्सा
एसएस पब्लिक स्कूल में समर बहादुर सिंह की स्मृति में अंतर विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता प्रारंभ हुई। उद्घाटन मुख्य अतिथि आईपीएस प्रमोद कुमार, डीसीपी गोमती जोन ने किया। प्रतियोगिता में वाराणसी के 28 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी अतिथियों ने प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दी। विशिष्ट अतिथि एसबीआई की मुख्य प्रबंधक ऋचा शर्मा, उप निदेशक परितोष नारायण सिंह, प्रखर आनंद सिंह, अवधेश कुमार सिंह, प्रबंधक आरती सिंह और प्रधानाचार्य संध्या सिंह उपस्थित रहे।
बीएचयू में कराटे के ट्रायल में शामिल खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
कराटे ट्रायल में हुआ 10 खिलाड़ियों का चयन
बीएचयू में बुधवार को कराटे ट्रायल एंफीथियेटर इंडोर हॉल में हुआ। इसमें पंजाब यूनिवर्सिटी मोहाली चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कराटे प्रतियोगिता के लिए कुल 10 खिलाड़ियों का चयन हुआ। रवि बिंद 50 किग्रा, शिवम विश्वकर्मा 55 किग्रा, विष्णु तिवारी 67 किग्रा, सौरभ कुमार यादव 75 किग्रा, काजल सोनकर 45 किग्रा, दिव्या कुशवाहा 50 किग्रा, योगिता शर्मा 55 किग्रा, जूही तिवारी 61 किग्रा, अंशु गौतम 67 किग्रा, मिताली शर्मा (काता), शिवम् विश्वकर्मा (काता) का चयन किया गया। डॉ. अहसान हसन, डाॅ. प्रमोद यादव मौजूद रहे।
सात दिन में आठ ब्लॉक में होंगी आठ खेल प्रतियोगिताएं
गांव की मिट्टी से निकले प्रतिभावान खिलाड़ी उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल में हिस्सा लेंगे। आठ ब्लॉकों में सात दिन तक आठ खेलों में प्रतिभा की चमक बिखेरेंगे। 17 से 23 नवंबर तक चलने वाली इन खेल प्रतियोगिताओं में ग्राम व न्याय पंचायत स्तर पर हुई प्रतियोगिता के विजेता भाग लेंगे।
इसमें एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वालीबॉल, फुटबॉल, भरोत्तोलन, जूडो व बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं होंगी। जिला युवा कल्याण अधिकारी नितीश कुमार राय के अनुसार 17 से 20 नवंबर तक आराजीलाइन ब्लाॅक के जगतपुर इंटर कॉलेज, सेवापुरी के सर्वोदय इंटर कॉलेज लखनसेनपुर, काशी विद्यापीठ के महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छांव में खेल प्रतियोगिताएं होंगी।
चेन्नई में चल रही राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में शामिल टीम।
- फोटो : अमर उजाला
कप्तान ललित उपाध्याय के गोल से सेमीफाइनल में पहुंची यूपी की टीम
चेन्नई में चल रही राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु को 3-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यूपी के चंदन सिंह ने पहला गोल तीसरे मिनट में किया। उसके बाद तमिलनाडु के संमुगल ने नौवें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। वहीं, खेल के 18वें मिनट में ओलंपियन राजकुमार पाल ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया।
उत्तर प्रदेश टीम के कप्तान ओलंपियन ललित उपाध्याय ने खेल के 34वें मिनट में शानदार गोल कर यूपी को 3-1 की बढ़त दिला दी। हूटर बजने तक यही स्कोर कायम रहा। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि उप्र की टीम में वाराणसी के आठ और गाजीपुर के दो खिलाड़ी शामिल हैं।