स्पेशल के अलावा नियमित ट्रेनों में भीड़ बरकरार है। लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों के सभी कोच ठसाठस हैं। जनरल से लेकर एसी कोच तक सबका एक जैसा हाल है। एसी का टिकट लेने वाले यात्री अपने सीट पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं है।
पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस स्टेशन पर भी भीड़ बेकाबू रही। प्रयागराज आवाजाही करने वाले सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ यहीं उमड़ रही है। दोपहर से शाम तक बनारस स्टेशन का फर्स्ट एफओबी दिन भर चोक रहा। श्रद्धालुओं को संभालने में आरपीएफ और जीआरपी हांफ गई। सर्कुलेटिंग एरिया बाहरी गाड़ियों से पटा रहा। यात्री हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की अप्रत्याशित भीड़ नजर आईं।
बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर रस्सी से हुई बैरिकेडिंग
बनारस स्टेशन पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देख प्लेटफार्मों पर रस्सी से बैरिकेडिंग की गई है। भीड़ प्रबंधन के तहत प्लेटफॉर्म के बीच में रस्सी लगाई गई है। एक तरफ से यात्री जा रहे हैं, दूसरी तरफ से आ रहे हैं। यह प्रयोग श्रद्धालुओं को काफी राहत देने वाला रहा। रात में शिवगंगा और बनारस सुपरफास्ट के समय यात्रियों की भीड़ ज्यादा रही। एफओबी पर एक जगह यात्रियों को इकट्ठा नहीं होने दिया गया।