बनारस में एक प्रेमी युगल ने मौत को गले लगा लिया। प्रेमी युगल दूर के रिश्ते में मामा-भांजी लगते थे। इस कारण परिजन शादी को तैयार नहीं हुए तो दोनों ने जहर खाकर जान दे दी। सारनाथ पुलिस की सूचना पर बुधवार को दोनों के परिजन अस्पताल पहुंचे तो शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
जौनपुर जिले के सुरेरी थाना अंतर्गत गोपालपुर निवासी सूरज गौड़ (20) बाबतपुर क्षेत्र में किराये के मकान में रह कर बाइक मैकेनिक का काम करता था। वहीं, ज्योति गौड़ (20) सारनाथ के हरि नगर कालोनी में रहती थी।
बताया जाता है कि सूरज के गांव में ज्योति का ननिहाल था और इसी वजह से दोनों दूर के रिश्ते में मामा-भांजी लगते थे। ज्योति के ननिहाल आने-जाने के दौरान ही सूरज से उसकी जान-पहचान हुई और दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया।
परिजनों के अनुसार ज्योति रविवार की शाम से घर से गायब थी और काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लगा तो सूचना सारनाथ थाने पर दी गई थी। बुधवार की शाम सूरज और ज्योति सारनाथ के घुरहूपुर क्षेत्र में गेस्ट हाउस में किराये पर कमरा खोज रहे थे। दोनों के पास जो परिचय पत्र था उस पर स्थानीय पता दर्ज था इसी वजह से उन्हें कमरा नहीं मिल पा रहा था।