यूपी के गाजीपुर में एक बगीचे में प्रेमी युगल का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से विषाक्त पदार्थ बरामद किया है। माना जा रहा है कि दोनों ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दी है।
मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव के ग्रामीण सुबह गांव के बाहर लगे टावर के पास स्थित बगीचे की तरफ गए तो वहां एक युवक व किशोरी के शव दिखे।
ग्रामीणों ने किशोरी की पहचान भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर कला निवासी खुशबू शर्मा (16) एवं युवक की मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी मुकेश राय (18) के रूप में की।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को घटनास्थल से एक डिब्बे में विषाक्त पदार्थ बरामद किया। मृत युवक के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर पुत्र की हत्या की आशंका जताई।
पुलिस ने बताया कि मृतका की मां ने बताया कि उनकी पुत्री तीन दिन से घर से लापता थी। 6 मई को वह घर आई थी और अपने प्रेमी के साथ ही रहने की बात कर रही थी। बाद में घर से कहीं निकल गई थी।
मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस टीम छानबीन कर रही है।