फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टावर पर चढ़कर प्रेमी ने भरी मांग: शादी की जिद पर अड़ी युवती, साढ़े 4 घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा; जुटे हजारों लोग

Sun, 15 Nov 2026 02:41 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, जाैनपुर।

सार

जिले के बरसठी गांव में प्रेमी से शादी की जिद में युवती 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी भी टावर पर चढ़ा और उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद युवती नीचे उतर आई। घटनाक्रम देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ जुटी रही।
विज्ञापन
जाैनपुर में अनोखी शादी। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रेमी से शादी की जिद ऐसी कि युवती करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। नीचे पुलिस, फायर ब्रिगेड और हजारों की भीड़... ऊपर युवती की एक ही शर्त कि प्रेमी आए और उसकी मांग में सिंदूर भरे। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम का अंत भी फिल्मी अंदाज में हुआ। प्रेमी टावर पर चढ़ा और ऊंचाई पर ही प्रेमिका की मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद युवती नीचे उतर आई। उसे सुरक्षित देखकर लोगों ने तालियां बजाईं।

विज्ञापन




मामला बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव (हनुमान नगर) बाजार के पश्चिमी छोर का है। मीरगंज थाना क्षेत्र के कसेरवा गांव निवासी 19 वर्षीय नेहा गौतम और 22 वर्षीय अभिजीत गौतम के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही गांव और बिरादरी के हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

टावर के नीचे भारी भीड़

बताया जाता है कि दोनों के संबंधों की जानकारी होने पर करीब छह महीने पहले परिवार में विवाद हुआ था। इसके बाद नेहा को बरसठी क्षेत्र के महुआरी गांव स्थित ननिहाल भेज दिया गया। वह करीब तीन महीने से वहीं रह रही थी।

रविवार सुबह करीब छह बजे नेहा ननिहाल से पैदल निकली और बारीगांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ उसे समझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की टीम भी बुला ली गई, लेकिन युवती नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।

नेहा की जिद थी कि अभिजीत मौके पर आए। पुलिस ने उसे बुलाया तो पहले उसने नीचे से ही समझाने की कोशिश की। बाद में वह खुद टावर पर चढ़ा, लेकिन ऊंचाई देखकर घबरा गया। उधर, नेहा की मां भी लगातार फोन कर और नीचे से आवाज लगाकर उसे उतरने के लिए मनाती रही।

काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद अभिजीत दोबारा टावर पर चढ़ा। नेहा भी कुछ नीचे की ओर आई। इसी दौरान अभिजीत ने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद नेहा नीचे उतरने को तैयार हो गई।
विज्ञापन

टावर के नीचे हजारों की भीड़, मोबाइल में कैद किया पूरा घटनाक्रम
करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। युवाओं की भीड़ मोबाइल से वीडियो बनाती रही। सड़क किनारे टावर होने के कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ। सिंदूरदान के बाद युवती के नीचे उतरते ही तालियां बजने लगीं। हालांकि, इसके बाद पुलिस को दोनों को भीड़ के बीच से वाहन तक पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोग हूटिंग करते हुए वीडियो बना रहे थे।

पुलिस दोनों को थाने ले गई। बताया जाता है कि गांव के लोगों ने विवाह के लिए लिखित सहमति पत्र भी दिया है। थाने में आवश्यक लिखापढ़ी के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। नेहा इंटरमीडिएट की छात्रा है, जबकि अभिजीत बीएड की पढ़ाई कर रहा है।

थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि युवती को बातचीत के जरिए सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। प्रेमी और उसके परिजनों से बातचीत की गई है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें