धन्वंतरि कूप पर हुआ पूजन
काशी मंडल वैद्य सभा की ओर से धन्वंतरि जयंती के अवसर पर महामृत्युंजय मंदिर परिसर स्थित धन्वंतरि अमृत कूप एवं धनवत्रेश्वर महादेव पर राष्ट्र स्वास्थ्य के लिए विशेष पूजन, अर्चन और हवन का आयोजन किया गया। वैद्य समाज के साथ ही चिकित्सा संगठनों ने वैदिक ऋचाओं के साथ आहुतियां अर्पित कीं। मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि यह धन्वंतरि कूप विश्व में अद्वितीय है।
आरोग्य की कामना की
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के स्वास्थ केंद्रम में भगवान धन्वंतरि का पूजन हुआ। छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र के द्वारा धनतेरस पर्व पर भगवान धन्वंतरि का विधि पूर्वक पूजन किया गया। इस अवसर पर धन्वंतरि पूजन कर विश्व और समूचे संस्था को आरोग्य युक्त बनाने की कामना की गई।
वक्ताओं ने कहा कि धन्वंतरि जयंती के अवसर पर आयुर्वेद के देवता धनवंतरी की पूजा की जाती है। यह दिन चिकित्सा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए हमें आयुर्वेद और योग को अपनाना चाहिए। भगवान धन्वंतरि आयुर्वेद के देवता हैं और स्वास्थ्य एवं आरोग्य के लिए उनकी पूजा की जाती है।
महामृत्युंजय मंदिर में आयुर्वेद के जनक का आवाहन
धन त्रयोदशी पर शनिवार को महामृत्यंजय मंदिर स्थित धन्वंतरि कूप पर भगवान धन्वंतरि का आवाहन किया गया। धन्वंतरि कूप का पूजन करने के साथ ही मंत्रों से कूप के जल को ऊर्जित किया गया। दारानगर स्थित महामृत्युंजय महादेव मंदिर परिसर में स्थित धन्वंतरि कूप अपने आप में अनोखी धार्मिक और आयुर्वेदिक मान्यता रखता है।
माना जाता है कि यह कूप देवताओं के वैद्य भगवान धन्वंतरि द्वारा निर्मित किया गया था, जिन्होंने इसमें अपनी दिव्य औषधियां और जड़ी-बूटियां समर्पित की थीं। स्थानीय पौराणिक कथाओं के अनुसार, धन्वंतरि और नागराज तक्षक के बीच हुए एक संघर्ष के बाद भगवान ने इस कूप के जल को औषधीय गुणों से भर दिया था।