राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के साथ भाजपा की समन्वय बैठक में काशी क्षेत्र में काशी विश्वनाथ धाम और विंध्य कॉरिडोर के जरिये विपक्ष के चक्रव्यूह को भेदने की रणनीति पर भी मंथन हुआ। सह सर कार्यवाह अरुण कुमार ने कहा कि वाराणसी लोकसभा सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी से आसपास की सीटों पर एक सकारात्मक माहौल रहता है। ऐसे में काशी के विकास मॉडल के साथ काशी विश्वनाथ धाम, विंध्य कॉरिडोर और धार्मिक स्थलों के कायाकल्प से हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के मुद्दे को बूथ तक ले जाना जरूरी है। बैठक में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या मंदिर और विंध्याचल कॉरिडोर को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति बनी।
काशी क्षेत्र के प्रभारी राज्यसभा अमरपाल मौर्य ने क्षेत्र की 14 सीटों पर चुनावी तैयारी की रिपोर्ट पेश की। उन्होंने कहा कि 2019 में गाजीपुर और जौनपुर में भाजपा हारी थी। लेकिन इस बार ये दोनों सीटें भी पार्टी जीतेगी। उन्होंने जौनपुर और गाजीपुर में विपक्षी दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल कराने की जानकारी भी दी। बताया कि बूथ स्तर पर गठित कमेटी में सभी जाति के लोगों को शामिल किया गया है।
काशी क्षेत्र की सभी 14 लोकसभा सीटों की प्रत्येक बूथ के आंकड़े का अध्ययन कराया गया है। इसमें पिछले पांच चुनाव में जीतने वाले बूथ, पांच चुनाव में तीन बार तक जीतने वाले बूथ, एक बार जीतने वाले बूथ और हारने वाले बूथ की अलग-अलग कैटेगरी बनाई गई है। इसके जरिये हम अपनी कमजोरियों को समझ कर उसे दूर करेंगे और पन्ना प्रमुख के जरिये मतदान वाले दिन प्रत्येक वोट को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के अभियान की रणनीति भी तैयार की गई है। बैठक में काशी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल भी मौजूद थे।
मंत्रियों ने बताई जमीनी हकीकत
वाराणसी क्लस्टर के प्रभारी एवं प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा मामलात राज्यमंत्री गिरीश यादव ने काशी क्लस्टर के वाराणसी, चंदौली और गाजीपुर, मिर्जापुर क्लस्टर के प्रभारी और आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही, बस्ती क्लस्टर के प्रभारी सिद्धार्थनाथ सिंह ने बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर और आजमगढ़ क्लस्टर के प्रभारी एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आजमगढ़, लालगंज, घोसी, बलिया, सलेमपुर में चुनावी तैयारी की रिपोर्ट पेश की।
पांच तक तुलसी उद्यान में खुलेगा चुनाव कार्यालय
बैठक में बताया गया कि काशी क्षेत्र की जौनपुर और वाराणसी लोकसभा सीट को छोड़कर सभी जगहों पर चुनाव कार्यालय खुल गए हैं। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आदि भी कराई जा रही है। वाराणसी लोकसभा सीट के लिए महमूरगंज के तुलसी उद्यान की जगह को चिह्नित किया गया है। पिछले लोकसभा चुनाव में इसी जगह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनाव कार्यालय संचालित था। पांच मार्च तक इसे चुनाव कार्यालय के लिए तैयार कर लिया जाएगा।