पूर्वांचल के दौरे पर आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को दूसरे दिन की शुरुआत जगत जननी माता सीता के दरबार में मत्था टेक कर की। सीता समाहित स्थल मंदिर के मुख्य द्वार पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोदी और योगी सरकार पर निशाना साधा।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दो साल में यूपी में विकास का कोई कार्य नहीं हुआ है। बोलीं, जो सरकार दो साल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर रही है, वह जमीन पर आकर देखे कि वास्तविक स्थिति दावों से अलग है। योगी सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दो साल में कई बार 17 हजार रुपये मानदेय देने का वादा किया गया लेकिन वे अभी तक आठ हजार पर ही अटके हैं।
प्रियंका ने कहा कि प्रयागराज से लेकर भदोही तक किसानों, नौजवानों, शिक्षामित्रों और आशा बहुओं से मुलाकात और बातचीत में जान गई हूं कि जमीन पर कुछ भी नहीं हुआ है। सब के सब दो साल से प्रताड़ित किए जा रहे हैं। उन्हें उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
केंद्र की मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार को कोसने के लिए 70 साल तक शासन करने की लगातार रट लगाने की तारीख अब एक्सपायर्ड हो चुकी है। अब देश जानना चाहता है कि पांच साल के शासन में एनडीए और आपने क्या किया, बताएं।