आजमगढ़ से धर्मेंद्र यादव चुनाव जीत गए हैं। इससे पहले उपचुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसी तरह गोरखपुर और बस्ती मंडल में लोकसभा नौ सीटें हैं। गोरखपुर की बांसगांव सीट से कमलेश पासवान और सिद्धार्थनगर की डुमरियागंज सीट से जगदंबिका पाल ने चौथी बार चुनाव जीता है। 2019 के चुनाव में इन दोनों ने जीत की हैट्रिक लगाई थी।
बस्ती से भाजपा सांसद रहे हरीश द्विवेदी भी तीसरी बार चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह सलेमपुर से तीसरी बार मैदान में उतरे रविंद्र कुशवाहा भी चुनाव हार गए हैं। दूसरी बार संतकबीरनगर से चुनाव लड़ने वाले भाजपा सांसद प्रवीण निषाद चुनाव हार गए हैं। कुशीनगर से विजय दुबे ने दूसरी बार चुनाव जीता है। प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ और फूलपुर में भी भाजपा प्रत्याशियों को करारी शिकस्त मिली है। अयोध्या मंडल के सुल्तानपुर से मेनका गांधी भी चुनाव हार गई हैं।