लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन अलग- अलग तरकीब अपना रही है। उधर काशी विश्वनाथ मंदिर में भी मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मंदिर प्रांगण में पोस्टर, टोकन, टिकट, वेबसाइट पर भी अपील की जा रही है।
बाबा विश्वनाथ के दरबार से निकले संदेश को श्रद्धालु न सिर्फ सुनते हैं, बल्कि उस पर अमल भी करते हैं। इस बार बाबा विश्वनाथ भक्तों को लोकतंत्र के महापर्व में मतदान का संदेश दे रहे हैं। मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम में पोस्टर लगाए गए हैं। साथ ही टोकन, टिकट और वेबसाइट के जरिए भी मतदान की अपील की जा रही है।
विज्ञापन
काशी पुराधिपति बाबा विश्वनाथ श्रद्धालुओं को लोकतंत्र के महापर्व में मतदान आपका अधिकार ही नहीं, राष्ट्रीय कर्तव्य भी... का बोध करा रहे हैं। राष्ट्र की उन्नति व विकास के लिए वोट का संदेश दे रहे हैं।
विज्ञापन
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि लोकसभा चुनाव में मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए काशी विश्वनाथ धाम में पोस्टर लगाए गए हैं। विभिन्न प्रकार के टोकन और टिकट पर भी मतदान की अपील की गई है।
ऑफिशियल वेबसाइट से भी यह संदेश दिए जा रहे हैं। देश-प्रदेश से आए श्रद्धालुओं से एक तरफ जहां न्यास की तरफ से वोट देने की अपील की जा रही है, वहीं काशीवासियों को भी वोट प्रतिशत बढ़ाने का संदेश दिया जा रहा है। मेरी काशी, मेरी शान-एक जून को करें मतदान आदि स्लोगन के जरिए स्थानीय लोगों को भी हर हाल में सातवें चरण में वोट देने का संदेश दिया जा रहा है।