फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री का नामांकन से पहले रोड शो आज, दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में होंगे शामिल 

Thu, 25 Apr 2019 03:14 PM IST
Sayali Maurya न्यूज डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
पीएम मोदी के रोड शो के लिए सजा वाहन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से भाजपा उम्मीदवार के रूप में शुक्रवार को नामांकन से पहले आज रोड शो करेंगे। गुरुवार दोपहर बाद वह शहर पहुंचेंगे और लंका स्थित मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद दशाश्वमेध घाट तक रोड शो करेंगे और वहां गंगा आरती में शामिल होंगे। अगले दिन 26 अप्रैल की सुबह नगर देवता काल भैरव का आशीर्वाद लेकर वह नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

विज्ञापन


पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को तीन बजे अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचेंगे। बीएचयू की मालवीय प्रतिमा से रोड शो की शुरुआत करेंगे और अस्सी, शिवाला, सोनारपुरा, मदनपुरा, जंगमबाड़ी और गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध तक जाएंगे।

पीएम रात में शहर के प्रबुद्धजनों के साथ कैंटोंमेंट स्थित होटल डि पेरिस में संवाद और रात्रि भोज करेंगे। डीरेका में रात्रि विश्राम के बाद 26 अप्रैल की सुबह होटल डि पेरिस में बूथ अध्यक्ष स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
विज्ञापन


काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव का दर्शन पूजन कर नामांकन के लिए कचहरी रवाना होंगे। पीएम के रोड शो-नामांकन में भाजपा सहित एनडीए के नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल रहेंगे। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भी नामांकन से पहले पीएम मोदी गंगा आरती में शामिल हुए थे।

पीएम के रोड शो और नामांकन के कारण यातायात का अतिरिक्त दबाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो और नामांकन के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार और शुक्रवार को शहर में रूट डायवर्जन लागू किया है। इससे दोपहर से शाम तक लंका से गोदौलिया मार्ग पर वाहनों का अतिरिक्त दबाव रहेगा। एसपी ट्रैफिक श्रवण कुमार सिंह ने अपील की है जरूरी न हो तो आमजन घर से बाहर न निकलें। साथ ही रूट डायवर्जन का पालन कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

बीएचयू से गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध घाट जाने के दौरान :
- बीएचयू स्थित हेलीपैड से पीएम के लंका जाने के दौरान सिंह द्वार, हैदराबाद गेट, करौंदी गेट, नरिया गेट, छित्तूपुर गेट और सीरगोवर्धनपुर गेट से वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
- मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान नरिया, सामने घाट और रविदास गेट चौराहा मार्ग की ओर से वाहन बीएचयू गेट की ओर नहीं जाएंगे।
- लंका के रविदास गेट चौराहा से आगे बढ़ने पर अस्सी, भदैनी, शिवाला, सोनारपुरा, मदनपुरा, जंगमबाड़ी होते हुए गोदौलिया और दशाश्वमेध मार्ग पर किसी भी ओर से वाहन न तो आएंगे और न ही जाएंगे।
- हरिश्चंद्र घाट तिराहा की ओर से किसी भी प्रकार के वाहन को शिवाला की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
- मैदागिन चौराहा और गिरजाघर चौराहा की ओर से वाहन गोदौलिया चौराहे की ओर न आ सकेंगे और न जाएंगे।

कल दर्शन-पूजन के दौरान
- अंधरापुल से वाहन मरीमाई और तेलियाबाग की तरफ नहीं जाएंगे।
- कैंट रोडवेज और चौकाघाट की ओर से वाहन अंधरापुल की तरफ नहीं जाएंगे।
- तेलियाबाग तिराहे से वाहन लहुराबीर की तरफ नहीं जाएंगे।
- लहुराबीर चौराहे से वाहन तेलियाबाग और कबीरचौरा की तरफ नहीं जाएंगे।
- बेनियाबाग तिराहे से पियरी पुलिस चौकी होते हुए कबीरचौरा की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
- मैदागिन चौराहा से वाहन पिपलानी कटरा और लहुराबीर की तरफ नहीं जाएंगे।
- मच्छोदरी से बाबा कालभैरव मंदिर की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
- गोलगड्डा की तरफ से वाहन विशेश्वरगंज की तरफ नहीं जाएंगे।
- प्रहलाद घाट से विशेश्वरगंज की तरफ जाने वाले वाहनों को मच्छोदरी, गायघाट पुलिस चौकी पर रोक दिया जाएगा।
कल नामांकन के दौरान :
- भोजूबीर और गोलघर से सर्किट हाउस की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
- जेपी मेहता स्कूल की तरफ से वाहन दैत्राबीर मंदिर की तरफ नहीं जाएंगे।
- चौकाघाट की तरफ से कचहरी की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
नोट : प्रधानमंत्री का काफिला जिस मार्ग से निकलेगा, उसकी दोनों लेन पर 10 मिनट पहले वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा। मरीजों के वाहन और शव वाहन रूट डायवर्जन के प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। सभी प्रकार के वाहन पास 25 और 26 अप्रैल को निरस्त रहेंगे।
विज्ञापन

पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के 10 हजार से अधिक जवान सुरक्षा में तैनात

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच स्तरीय अभेद्य सुरक्षा घेरे में रहेंगे। उनकी सुरक्षा व्यवस्था में एसपीजी, एनएसजी व एटीएस कमांडो, केंद्रीय खुफिया इकाई के अलावा पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के 10 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।

छावनी क्षेत्र स्थित होटल डि पेरिस में फोर्स को संबोधित करते हुए एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री ने कहा कि रोड शो के दौरान आमजन बैरिकेटिंग लांघ कर किसी भी सूरत में सुरक्षा घेरे के पास न आने पाएं। साथ ही माला या कोई अन्य सामग्री न फेंकने पाएं। जवानों का फोकस पूरी तरह से आमजन की गतिविधियों पर हो। सीसी कैमरों से निगरानी में कोई चूक न होने पाए। रोड शो के रूट पर तैनात रूफ टॉप फोर्स मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करे। सादी वर्दी में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध हरकतों पर नजर रखें। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने कहा कि रोड शो के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने तक कोई भी ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

एसपीजी ने खंगाला रोड शो का रूट
जिला पुलिस और प्रशासन के साथ एसपीजी के अधिकारियों ने गुरुवार को भी रोड शो के रूट का पैदल और फिर वाहनों के साथ निरीक्षण किया। रूट की बहुमंजिला इमारतों की फोटोग्राफी की गई और ड्रोन कैमरे से छतों को देखा गया। इसके बाद दशाश्वमेध घाट और आसपास के आधा दर्जन घाटों का निरीक्षण किया। गंगा में 11 एनडीआरएफ के जवान, जल पुलिस और पीएसी बाढ़ राहत दल के जवान तैनात रहेंगे। वहीं, डीरेका स्थित गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर आमजन की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है।
बीएचयू के कुछ निष्काषित छात्रों ने प्रधानमंत्री के रोड शो का विरोध करने की घोषणा की है। इसे लेकर खुफिया एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। बीएचयू हेलीपैड पर प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरने से लेकर उनके सिंहद्वार पहुंचने तक हॉस्टल और संकाय मार्ग पर फोर्स चक्रमण करती रहेगी। साथ ही प्रदर्शन की कोशिश करने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा सीरगोवर्धनपुर और छित्तूपुर गेट से आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें