1989 के आम चुनाव में गाजीपुर सीट से जगदीश कुशवाहा बतौर निर्दलीय चुनाव जीतकर पहली बार संसद पहुंचे। वहीं 1996 के चुनाव में घोसी सीट पर कल्पनाथ राय ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर संसद का सफर तय किया।
वर्ष 1989 के आम चुनाव में गाजीपुर संसदीय सीट से कुल 13 प्रत्याशियों ने चुनाव में खम ठोका। मगर बाजी निर्दलीय जगदीश कुशवाहा के हाथ लगी। उन्हें सर्वाधिक 2,08,316 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस के जैनुल बशर को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से परास्त किया।
बशर को 1,00,219 मत मिले थे। इस हार के बाद जैनुल बशर का जीत की हैट्रिक लगाने का ख्वाब चकनाचूर हो गया। इस चुनाव में सीपीआई के विश्वनाथ शास्त्री तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 99,092 मत हासिल हुए।
चुनाव में कुल 5,15,895 मत पड़े। विजेता जगदीश कुशवाहा को 40.15 फीसदी मत मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे कांग्रेस के जैनुल बशर को 19.31 फीसदी और सीपीआई के विश्वनाथ शास्त्री को 19.1 फीसदी मत मिले। इस चुनाव में कुल 53.53 फीसदी वोटिंग हुई थी।
उधर, 1996 के लोकसभा चुनाव में घोसी सीट पर 5,97,057 मत पड़े। यह कुल मतों का 50.5 फीसदी रहा। चुनाव में निर्दलीय कल्पनाथ राय ने जीत दर्ज की। उन्हें 1,94,789 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी मुख्तार अंसारी को 1,80,237 मत हासिल हुए।
समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद अजमल तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 1,04,058 मत प्राप्त हुए। कल्पनाथ ने यह चुनाव 14 हजार मतों के अंतर से जीता। गौर करने वाली बात यह है कि इस चुनाव में कुल 54 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें 49 निर्दलीय थे।
पहले स्थान पर रहे कल्पनाथ राय को 32.62 फीसदी मत मिले थे जबकि मुख्तार अंसारी को 30.19 फीसदी मत प्राप्त हुए थे। सपा के मो. अजमल को 17.43 फीसदी मत प्राप्त हुए थे।
पूर्वांचल की सीटें
वाराणसी, भदोही, चंदौली, मिर्जापुर, जौनपुर, मछलीशहर-सु., आजमगढ़, लालगंज-सु., बलिया, गाजीपुर, घोसी, सलेमपुर, रॉबटर्सगंज-सु.।