लोहड़ी की खुशियों की धूम गुरुवार की शाम से छा गईं। लोहड़ी की पूर्व संध्या पर पंजाबी परिवाराें में उत्सव सा माहौल नजर आया। कई स्थानों पर गीत-नृत्य के आयोजन हुए। होटल रेडिसन में द अरबन स्वैग के लोहड़ी पर्व में 150 से अधिक पंजाबी महिलाओं ने गिद्दा-भांगड़ा से उत्सव को यादगार बनाया। काशी प्रबुद्ध महिला मंच ने अस्सी घ्ााट पर लोहड़ी उत्सव मनाया। शुक्रवार को लोहड़ी के साथ पंजाबी नव वर्ष की भी शुरुआत हो जाएगी।
शुक्रवार की रात शहर भर में जगह-जगह आयोजन होंगे। अलाव जलाकर गिद्दा-भांगड़ा की धूम मचेगी। खूब भाएगा मक्के की रोटी और सरसों का साग। लोहड़ी की शाम अलाव जलाकर उसके किनारे खुशियों का यह उत्सव मनाया जाता है। लोग पूजा करते हैं और आग में चीनिया बादाम, पट्टी, तिल आदि डालते हैं। संगीत और पकवान से भरपूर इस उत्सव के हजारों रंग एक साथ निखरते हैं। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने बताया कि यह त्योहार अब सभी वर्ग के लोग मिलकर मनाते हैं। शुक्रवार की शाम को गणेश बाग में लोहड़ी का वृहद आयोजन होगा।
महमूरगंज के जगदीप सिंह और उनकी पत्नी अनप्रीत के लिए यह त्योहार दोहरी खुशी लेकर आया है। उनके घर हाल ही में नन्हा मेहमान आया है। पूरा परिवार लोहड़ी उत्सव की तैयारियों में जुटा दिखा। जगदीप ने बताया कि पहले पूरा परिवार गुरुद्वारे जाएगा। वहां दर्शन और अरदास के बाद मुहल्लेवालों के साथ सभी इस त्योहार का परंपरागत तरीके से लुत्फ उठाएंगे।
सिगरा के हरमीत सिंह बग्गा ने बताया कि पिछले साल 25 जनवरी को वह और जसमीत एक-दूजे के हुए थे। यह उनकी पहली लोहड़ी है। इसलिए यह उनके और उनके परिवार के लिए और भी खास है। परिवार के साथ लोहड़ी का उत्सव मनाएंगे। मक्के दि रोटी और सरसों दा साग का जायका होगा और होगी मस्ती गिद्दा-भांगड़ा की। पड़ोसियों को भी मक्के की रोटी और सरसों का साग खिलाएंगे।