सेवापुरी ब्लाक के अर्जुनपुर, बरनी, गंजारी और पचाई के बाद अब ठटरा गांव में लोहिया आवास में धांधली का मामला सामने आया है। कमीशन के लालच में यहां भी अपात्रों को आवास आवंटित कर दिए गए हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम राजातालाब से मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
लोहिया गांव ठटरा में इस साल कुल 25 लोगों को लोहिया आवास आवंटित किए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कमीशन के चक्कर में ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से गांव में आधा दर्जन अपात्रों को भी लोहिया आवास का लाभार्थी बना दिया गया है। रामू मोदनवाल, सीताराम सरोज, राजकुमारी, उर्मिला देवी और अनूप जायसवाल आदि ग्रामीणों ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गांव की पारा देवी को इंदिरा आवास मिला था, अब उनकी बहू सोनी देवी को लोहिया आवास दे दिया गया है। इतना ही नहीं, सोनी के पति नंदू के पास बाइक और घर में तीन किलोवाट का विद्युत कनेक्शन भी है। कई अन्य लाभार्थी भी आर्थिक रूप से संपन्न हैं।
इस बारे में एसडीएम राजातालाब त्रिभुवन ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ को पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।