रेड जोन में मऊ जिला, पूर्व की भांति होगी व्यवस्था
मऊ जिलाधिकारी ने जिले के अन्य अधिकारियों और हालात की समीक्षा करने के बाद निर्णय लिया कि जिले में पहले की तरह सारी व्यवस्थाएं संचालित होंगी। कोपागंज नगर पंचायत के दोस्तपुरा मोहल्ले में कोरोना मरीज मिलने के बाद जिला रेड जोन में आ गया है। शनिवार सुबह 11 बजे इस संबंध में हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद डीएम ने जिले के प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद निर्णय लिया गया कि जिले में व्यवस्थाएं पहले की तरह संचालित होंगी।
इस दौरान पहले से जारी आदेश के मुताबिक आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलेंगी। जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीज होने के कारण कोई नया निर्णय लेना संभव नहीं है, ऐसे में पहले की तरह सारी व्यवस्थाएं संचालित होती रहेंगी। उन्होंने सभी से सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की।
सोनभद्र डीएम इस मामले में अभी प्रदेश सरकार से निर्देश मिलने का इंतजार कर रहे हैं। डीएम एस राजलिंगम का कहना है कि दुकानें खोले जाने के संबंध में गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देश की प्रति मिली है लेकिन इस सिलसिले में प्रदेश सरकार के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए चिह्नित दुकानों को ही खोले जाने के निर्देश हैं।
लॉकडाउन के बीच शनिवार से दुकानें खुलने के केंद्र सरकार के निर्णय को फिलहाल वाराणसी में लागू नहीं किया जाएगा। शासन की गाइडलाइन के बाद रविवार को वाराणसी प्रशासन इस पर निर्णय लेगा। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि वाराणसी में फिलहाल नई कैटेगिरी के दुकान खोलने का कोई आदेश नहीं है। आवश्यक सामग्री की जो दुकानें पहले से 10 बजे तक खुल रही हैं, सिर्फ वही दुकानें खुलेंगी। जब नई कैटेगरी की दुकानों को खुलने का निर्णय होगा, तो लोगों को समय से अवगत करा दिया जाएगा।
आजमगढ़ में लॉकडाउन नियमों के तहत ही पहले की तरह ही किराना, सब्जी और दवा की दुकानें खुलेंगी। इसके अलावा अन्य दुकानों के खुलने की कोई इजाजत नहीं। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
पूर्वांचल के वाराणसी, आजमगढ़ और विंध्याचल मंडल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 50 हो गई। वाराणसी में 26, गाजीपुर में छह, जौनपुर में पांच, मिर्जापुर में तीन और मऊ तथा भदोही में एक-एक मरीज हैं। वाराणसी में छह, गाजीपुर में पांच, जौनपुर में चार, आजमगढ़ में तीन लोग स्वस्थ होने के बाद कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। वाराणसी में एक मरीज की मौत हो चुकी है।