सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने वाराणसी के हरहुआ ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण किया जहां दो विद्यालयों में ताला लटका मिला। वहीं चार विद्यालयों में प्रधानाध्यापक, सहायक शिक्षक, अनुदेशक, शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। प्राथमिक विद्यालय बेनीपुर में कायाकल्प व कंपोजिट ग्रांट का दुरुपयोग करने के लिए प्रधानाध्यापक को निलंबित कर बीआरसी से संबद्ध कर दिया गया, वहीं एक शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले।
कंपोजिट विद्यालय बेलवरिया में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोपाल राम व छह सहायक अध्यापक और एक शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। वहीं परिसर में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक बेबी फरीदा व तीन सहायक अध्यापक, दो अनुदेशक अनुपस्थित मिले। बीएसए राकेश सिंह ने सभी का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुर्दहा व प्राथमिक विद्यालय गहनी पहुंचे, जहां ताला लटका मिला। प्राथमिक विद्यालय ओजपट्टी के चार शिक्षक अनुपस्थित मिले। वहीं प्राथमिक विद्यालय मुर्दहा में हेड मास्टर सुधा पाठक सहित छह सहायक शिक्षक व एक शिक्षामित्र अनुपस्थित थीं। बीएसए राकेश सिंह ने दोनों विद्यालयों के अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया।
हरहुआ ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय बेनीपुर के निरीक्षण में पाया गया कि हेडमास्टर प्यारेलाल प्रजापति ने कंपोजिट ग्रांट का दुरुपयोग किया है। बीएसए ने हेडमास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर बीआरसी चोलापुर से संबद्ध कर दिया। प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई। निरीक्षण के दौरान दो सहायक शिक्षक भी अनुपस्थित मिले थे। उनका वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।