चिरईगांव क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत बढ़ने से वैवाहिक व धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ विद्यालयों में मिड-डे मील व्यवस्था भी प्रभावित होने लगी है। प्राथमिक पाठशाला गौरा कला में प्रधान राजेश उर्फ राजू ने बताया कि गैस सिलिंडर उपलब्ध न होने के कारण बच्चों का मिड-डे मील लकड़ी और उपले के सहारे बनवाना पड़ रहा है। वहीं प्राथमिक पाठशाला नरपतपुर में भी पिछले तीन दिनों से गैस सिलिंडर खाली पड़ा है। ऐसे में ग्राम प्रधान ओमप्रकाश ने घर से निजी सिलिंडर भेजकर मिड-डे मील बनवाने की व्यवस्था कराई।
धार्मिक आयोजन पर भी प्रभाव
इसके अलावा क्षेत्र में चल रहे धार्मिक आयोजनों पर भी गैस की किल्लत का असर दिखाई दे रहा है। जाल्हुपुर श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन में भंडारे के लिए पहले से बुक कराए गए भारत गैस के सिलिंडर की उपलब्धता नहीं होने से आयोजक परेशान हैं। चांदपुर की निर्मला देवी और जाल्हुपुर की रेखा ने बताया कि गैस सिलिंडर की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन इसके बावजूद समय से सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घर का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
लोहता क्षेत्र में स्थित शिरडी, अंतरा और गंगा गैस एजेंसियों से करीब सौ गांवों में सप्लाई होती है। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि रोज की तरह ही सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है, हालांकि 60 रुपये बढ़े दाम उपभोक्ताओं से लिए जा रहे हैं। केराकतपुर के प्रमोद सिंह बताते हैं कि गांव में गैस पाइपलाइन होने के बावजूद लोग सिलिंडर भराने के लिए एजेंसियों का चक्कर लगा रहे हैं। सिंधोरा और कुछ ग्रामीण इलाकों में एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस की किल्लत से ज्यादा अफवाहों के कारण लोग घबराकर पहले बुकिंग कराने की होड़ लगा रहे हैं।
क्या बोले अधिकारी
पूरी स्थिति पर नजर है। कहीं कोई किल्लत नहीं है। अगर कोई अधिक दाम पर बेच रहा है तो शिकायत करें, कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर छापा मारकर कार्रवाई भी की जाएगी। -केबी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी
चोलापुर क्षेत्र में बुधवार को क्षेत्र की एजेंसियों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन किसी भी तरह से बुकिंग नहीं हो पाई। चोलापुर के धरसौना मोहाव, चमरहा, पलहीपट्टी समेत विभिन्न बाजारों में दुकानदार परेशान रहे। चोलापुर के टिसौरा गांव निवासी योगेश मिश्रा ने बताया कि दो मार्च को बुकिंग की थी। कई बार फोन करने के बाद बुधवार को उन्हें सिलिंडर मिल पाया। शिवपुर की मुन्नी देवी ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व एजेंसी में गैस की बुकिंग कराई गई थी। गैस पहुंचाने वाला ट्रॉली वाला फोन करने पर केवल एक-दो दिन का आश्वासन देता है, लेकिन अभी तक गैस का सिलिंडर नहीं पहुंचा। कादम्बिनी लॉन, सुद्धिपुर (शिवपुर) स्थित कैटरिंग संचालक पद्मिनी अग्रवाल ने बताया कि एक-दो दिनों से गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। हम लोग लकड़ी और कोयले के सहारे काम कर रहे हैं।