आजमगढ़ में बिजली का तार बनाने के लिए पोल पर चढ़े एक प्राइवेट लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। घटना कि सूचना देने के बाद भी मौके पर विद्युत विभाग के एसडीओ के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक प्रमुख मार्ग जाम रहने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव निवासी गोविंदा (22) पुत्र सतीराम पांच भाईयों में चौथे नंबर पर था। वह विद्युत उपकेंद्र रानी की सराय में प्राइवेट लाइनमैन के तौर पर काम करता था। सोमवार की सुबह गोविंदा रानी की सराय के अहियाई गांव में विद्युत पोल पर चढ़कर तार जोड़ रहा था।
पोल पर चढ़ने से पहले वह फोन कर उपकेंद्र से लाइट काटने को कहा था। बावजूद इसके सप्लाई चालू कर दी गई और करेंट लगने से गोविंदा की मौत हो गई। घटना के बाद अहियाई के प्रधान राजेश चौहान ने एसडीओ को फोन कर सूचना दी। बावजूद इसके एसडीओ मौके पर नहीं पहुंचे।
नाराज ग्रामीण 8.30 बजे गोविंदा की लाश रखकर कोटिला-मंगरावा मार्ग पर जाम लगाकर मुआवजे की मांग करने लगे। यहां कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो शव लेकर कोटिला बाजार में आ गए। आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर लाश रखकर जाम लगा दिया।