यूपी के मऊ जिले के एक गांव में चार साल की मासूम की हुई हत्या का राज खुल गया। दो युवतियों के बीच समलैंगिक संबंध में बाधक बने परिवार से बदला लेने के लिए यह वारदात की गई। पुलिस ने आरोपी युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है। घटना जिले के वलीदपुर नगर पंचायत की है।
पुलिस के अनुसार वलीदपुर निवासी वारिस हुसैन की चार साल की पुत्री इस्मत 11 नवंबर को चेहल्लुम का जुलूस देखने के दौरान गायब हो गई थी। 13 नवंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद 16 नवंबर को शव पड़ोस के एक खाली अहाते से बरामद हुआ था।
पुलिस ने मकान मालिक पिता-पुत्र को हिरासत में लिया था। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो दो युवतियों के बीच समलैंगिक संबंध का मामला प्रकाश में आया। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी शुक्ला ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक युवती का इस्मत की परिवार की एक युवती से समलैंगिक संबंध था।
इस्मत के परिवार वालों को इसकी जानकारी हो गई तो उन्होंने युवती को रिश्तेदार के यहां भेज दिया और दूसरी युवती के घर आने पर पाबंदी लगा दी। सहेली के न मिलने से दूसरी युवती परेशान थी।
चेहल्लुम को सहेली के घर आने की उम्मीद में वह बगल के अहाते में बैठी थी। इसी बीच इस्मत छोटी बहन के साथ आती दिखाई दी तो उसने टॉफी देने के बहाने उसे अहाते में बुलाया और अपनी सहेली के बारे में जानकारी ली।