प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के लिए सरकार कितने जतन कर रही है। वहीं किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक लेखपाल का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ है।
शाहगंज तहसील क्षेत्र के पट्टीचकेसर गांव के लेखपाल राजेश सिंह पर आरोप है कि तीन दिन पूर्व वह पट्टीचकेसर गांव में गए थे। जहां प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभार्थियों का सत्यापन व फार्म भरने का काम शुरू किया गया। ग्रामीणों के बीच बैठे लेखपाल ने लोगों से योजना का लाभ पाने के लिए फार्म भरने को कहा।
इसके साथ ही हर किसान से सौ-सौ रुपये लिए। गांव के ही एक युवक ने अपने मोबाइल में लेखपाल के इस कृत्य का वीडियो बना लिया। लेखपाल के जाने के बाद युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने की खबर अखबारों में छपी तो तहसील प्रशासन हरकत में आया। सोमवार को एसडीएम शाहगंज राजेश कुमार वर्मा ने रिश्वत लेने के आरोप में लेखपाल राजेश सिंह को निलंबित कर दिया। एसडीएम ने बताया कि लेखपाल को निलंबित कर जांच बैठा दी गई है।