वाराणसी। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बुधवार को कैंट के शिवपुरवा क्षेत्र में डूडा द्वारा कराए जा रहे गली निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
विधायक ने खुद फावड़ा चलाकर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। इस दौरान चार इंच की जगह आधी इंच गिट्टी मिली। सीवर लाइन की पाइप जगह-जगह टूटी हुई थी। पाइप लाइन के नीचे सीमेंट और गिट्टी से बेस नहीं बनाया गया था।
इस पर विधायक ने मौके पर ही विभागीय अभियंताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि निरीक्षण का काम उनका है। कार्य के दौरान स्वयं निरीक्षण करें और जहां अनियमितता मिले, उसे ठीक करवाएं। निरीक्षण में अनियमितता मिली तो कार्रवाई होगी। निरीक्षण के बाद विधायक ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अनियमितताओं की जानकारी दी और कार्रवाई करने के लिए कहा। साथ ही डूडा के परियोजना अधिकारी को विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट शुक्रवार तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। निरीक्षण में विधायक सौरभ श्रीवास्तव के साथ परियोजना अधिकारी जया सिंह, अभियंता सद्दाम अंसारी, भारतीय जनता पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा और अमित गुप्ता मौजूद रहे।