विश्वविद्यालय परिसर में सुबह 11 बजे दोनों हॉस्टल के बीच पथराव से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने एलडी गेस्ट हाउस चौराहा और नरिया चौराहे पर ही लोगों को रोक दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही मैत्री जलपान गृह चौराहे पर दोनों हॉस्टल के छात्रों के बीच मारपीट हुई थी, तभी से माहौल गरम चल रहा था।
गुरुवार सुबह भी बिरला छात्रावास चौराहे पर किसी बात को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी हुई और फिर मारपीट भी शुरू हो गई। इसके बाद जैसे ही छात्र हॉस्टल पहुंचे तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि एलबीएस हॉस्टल की छत से पत्थरबाजी के साथ ही बिरला हॉस्टल पर पेट्रोल बम भी फेंके गए। इधर पुलिस क अधिकारियों के मुताबिक एलबीएस हॉस्टल से छात्रों ने पुलिस पर भी पत्थरबाजी की। कई बार समझाने के बाद जब छात्र नहीं माने तो चीफ प्रॉक्टर के साथ पुलिस एलबीएस हॉस्टल के अंदर घुसी। हॉस्टल के वार्डेन के साथ एक -एक कमरे की तलाशी ली गई।
इस दौरान हॉस्टल के छात्रों ने पुलिस पर कमरे में घुसकर पिटाई करने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध किया। उनका कहना था कि कमरे में पढ़ रहे छात्रों को भी पुलिस ने पीटा। माहौल जब नहीं शांत हुआ तो सीआईएसफ बुलानी पड़ी। एलबीएस हॉस्टल कराने की भी तैयारी चल रही है।