फ्लैग : प्रदेश भाजपाध्यक्ष ने साधा अखिलेश सरकार पर निशाना
मेन : ‘आजम, गायत्री के रहते नहीं सुधरेगी छवि’
क्रासर-
कहा, सरकार की गिरती साख को बचाने के लिए फेरबदल
पीएम दफ्तर पर सुनीं जनता की शिकायतें, किया निस्तारण
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने एक बार फिर अखिलेश सरकार के कद्दावर मंत्री आजम खां और खनन घोटालेे में फंसे गायत्री प्रजापति पर हमला बोला। वाजपेयी ने कहा कि अपनी साफ सुथरी छवि बनाने के लिए प्रदेश की अखिलेश सरकार ने मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव जरूर किया लेकिन पार्टी को तब तक कोई फायदा नहीं होगा जब तक मंत्रिमंडल में आजम खां और गायत्री प्रजापति जैसे लोग रहेंगे। डॉ. वाजपेयी शनिवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित एक संगोष्ठी में शामिल होने से पूर्व इंग्लिशियालाइन स्थित भारतीय शिक्षा मंदिर में मीडिया से मुखातिब थे।
उन्होंने कहा कि मंत्रियों के कारनामों से सरकार की बदनामी हो रही थी। मुख्यमंत्री अब तक आंखें मूंदे हुए थे जब पानी सिर से ऊ पर चला गया तो उन्हें पार्टी की साख बचाने के लिए अपने प्रिय लोगों की बलि लेनी पड़ी। कहा कि जिन पर गाज गिरी है वे सभी कभी न कभी विवादों में रहे हैं। अब इनमें से कौन विभीषण साबित होगा और कौन जयचंद, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। कहा कि मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल में फेरबदल तो किया मगर गायत्री प्रजापति और राममूर्ति वर्मा जैसे मंत्रियों को न हटाना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। पंचायत चुनाव के बाबत पूछे जाने पर वाजपेयी ने कहा कि ऐसी सूचना मिल रही है कि सत्तारूढ़ दल बेईमानी करके यह चुनाव जीतना चाहता है। कई जगहों पर मतपेटिका बदले जाने की आशंका है। बावजूद इसके भाजपा इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। वाजपेयी सुबह पीएम के जनसंपर्क कार्यालय पर पहुंचे और वहां उन्होंने जनता की शिकायतें सुनीं और कुछेक का मौके पर ही निस्तारण किया। पीएम दफ्तर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, जिला व महानगर अध्यक्ष नागेंद्र रघुवंशी एवं प्रदीप अग्रहरि ने उनकी अगवानी की।