लहरतारा के सिंधोरिया कॉलोनी, पंचवटी नगर कालोनी में रहने वालों का गर्मी से जीना मुहाल है। यहां बुधवार की रात 11 बजे से कटी बिजली गुरुवार रात करीब साढ़े दस बजे आई। महज दस मिनट बाद बिजली फिर गुल हो गई। लोग रातभर बेचैन रहे। इस दौरान बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। विभाग की इससे बड़ी और लापरवाही क्या होगी कि बुधवार रात जले एबीसी को अब तक नहीं बदला जा सका है। इसे लेकर लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।
बुधवार शाम से ही उमस इस कदर बढ़ गई है कि लोग गर्मी से बिलबिला उठे हैं। दोनों मुहल्ले में एक सप्ताह से लगातार फाल्ट होने से दो से तीन घंटे की कटौती चल रही थी। इस बीच बुधवार रात 11 बजे एरियल बंच कंडक्टर (तार एबीसी) जलने से अंधेरा छा गया। बिजली के इंतजार में लोगों ने अंधेरे में किसी तरह रात तो गुजार दी, दूसरे दिन पूरा दिन-रात भी बीत गया लेकिन बिजली विभाग की ओर से गड़बड़ी दूर नहीं करायी जा सकी। जिनके घर इन्वर्टर थे, वह भी कुछ घंटे बाद जवाब दे दिए। रोशनी के लिए मोमबत्ती तो जला लिया लेकिन गर्मी से निबटने के लिए छत पर या फिर खुले मैदान में बैठे रहे। उधर विभाग की इस लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी है।