वाराणसी में जमीन का सौदा तय करने के बाद खरीदार से सात लाख 75 हजार रुपये तीन लोगों ने लिया, लेकिन जमीन नहीं दी। तीन लोगों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिले के कोनिया (कज्जाकपुरा) निवासी अमरनाथ यादव ने बताया कि मकान बनवाने के लिए उन्हें जमीन की जरूरत थी। उनकी मुलाकात मकबूल आलम रोड खजुरी के बबलू, डिठोरी महाल, अर्दली बाजार के राशिद और गाजीपुर के चस्मरहमत स्कूल निवासी मोहम्मद फखरुद्दीन खान से हुई। तीनों ने बताया कि फखरुद्दीन खान के नाम पिंडरा तहसील के मौजा पूरबपुर, परगना अठगावा में जमीन है।
उसे वह 11 लाख रुपये में बेच रहा है। तीनों ने उनसे 40 हजार रुपये एडवांस लिया। 10 नवंबर, 2022 को 100 रुपये के स्टांप पेपर पर सट्टा इकरारनामा तैयार हुआ। 14 नवंबर, 2022 को नोटरी के समक्ष वह प्रमाणित भी हुआ। इसके बाद सितंबर 2023 तक तीनों को 7,75,000 रुपये कई किस्त में दिए। पैसा प्राप्त करने के बाद तीनों ने जमीन का बैनामा किसी अन्य को कर दिया।
इस संबंध में पूछने पर तीनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अपना पैसा भूल जाओ। तहरीर के आधार पर कैंट थाने की पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।