सेवापुरी के सरावां गांव स्थित मां भद्रकाली मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य में लगे ठेकेदार की मनबढ़ों ने रविवार की सुबह पिटाई कर दी। घायल ठेकेदार को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पीड़ित ठेकेदार ने कपसेठी थाने में मनबढ़ों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया।
लंका थाना अंतर्गत सीर गोवर्धन गांव निवासी ठेकेदार कैलाश यादव के अनुसार वह मंदिर के गेट और जीर्णोद्धार का कार्य करवा रहे हैं। पर्यटन विभाग से स्वीकृत मंदिर निर्माण कार्य के लिए रखी सीमेंट और सरिया गायब हो गई। सुबह पूछताछ की तो सरावा गांव निवासी दिनेश सिंह, गोली और मुकुंद सिंह ने गाली गलौज करते हुए पिटाई शुरू कर दी।
सिक्योरिटी सर्विसेज के निदेशक ने दिल्ली की एक कंपनी के छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। निदेशक का आरोप है कि फर्जी तरीके से कंपनी ने 55 कर्मियों के पीएफ व मासिक सैलरी के साढ़े 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
ह्यूमोगिल्ड सिक्योरिटी सर्विसेज के निदेशक इंद्रपाल सिंह के अनुसार दिल्ली के बसंत कुंज स्थित एमएस वर्ल्ड वाइड कंपनी ने तीन अप्रैल वर्ष 2022 में मैन पावर टेकओवर से कंपनी के 55 कर्मचारियों की सैलरी, पीएफ आदि सुविधाओं का एग्रीमेंट किया था। इंद्रपाल सिंह का आरोप है कि वास्तविक कर्मियों के स्थान पर फर्जी लोगों की सूची बना कर एमएसएस वर्ल्ड वाइड के निदेशक संजय सिंह, मूर्ति देवी, एचआर राखी सोनी, प्रबंधक रामप्रीत यादव व अन्य ने साजिश कर 18 लाख 52 हजार अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। इसके बाद से सभी के मोबाइल नंबर भी बंद हैं और दिल्ली स्थित कार्यालय में ताला बंद है।
बरेका स्थित रेलवे सुरक्षा बल में तैनात सिपाही शंकर लाल को लाटरी का झांसा देकर साइबर ठगों ने दो लाख का चूना लगाया। पीड़ित सिपाही ने मंडुवाडीह थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।
रेलवे सुरक्षा बल प्रशासन पोस्ट बरेका में कांस्टेबल पद पर तैनात शंकर लाल के अनुसार उनके मोबाइल पर फोन आया कि आपकी लॉटरी लगी है।
इस तरह का झांसा देकर कुछ विवरण साझा किया गया। दस अगस्त से लेकर 18 अगस्त के बीच छह बार में मेरे फोन पे से दो लाख एक हजार 191 रुपये साउथ इंडियन नामक बैंक में ट्रांसफर हो गया। इसके बाद जालसाज ने नंबर भी बंद कर लिया। पीड़ित के अनुसार जालसाज ने झांसा देकर दो लाख की ठगी की है। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज करते हुए तफ्तीश की जा रही है।