वाराणसी में सोमवार को दीनदयाल उपाध्याय कोविड अस्पताल में आक्सीजन प्लांट के लिए अस्पताल के बाहर ट्रक में रखे उपकरण।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में उखड़ती सांसों को संजीवनी देने को लेकर वाराणसी जिला प्रशासन काफी प्रयत्नशील है। कोशिश है कि ऑक्सीजन की कमी से किसी की सांसें न टूटे। जिला प्रशासन की पहल पर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए आगे आएं और सप्ताह भर के अंदर प्लांट लगाने की प्रकिया शुरू हो गई।
पुणे से ऑक्सीजन प्लांट की मशीन दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में पहुंच गई। 24 घंटे के अंदर इंजीनियरों की टीम इंस्टालेशन की प्रक्रिया में जुट जाएगी। जिला प्रशासन के अनुसार इस सप्ताह में ही ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू हो जाएगा। इस प्लांट के शुरू होने से अस्पताल प्रशासन को अब रामनगर औद्योगिक क्षेत्र से ऑक्सीजन मांगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एक करोड़ की लागत से तैयार होने वाले प्लांट से रोजाना 120 से 150 ऑक्सीजन सिलिंडर का उत्पादन होगा। शहरवासियों को बहुत बड़ी राहत मिल सकेगी। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से ऑक्सीजन प्लांट लगाने की प्रकिया बहुत तेज गति से शुरू हुई।
संकट की इस घड़ी में कोशिश है कि ऑक्सीजन के अभाव में किसी की सांसें न उखड़े। सभी उद्यमियों से अपील है कि संकट की इस घड़ी में लाभ और हानि को दरकिनार कर जिंदगियां बचाने में जुटे।