12 नवंबर को वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के 6000 से अधिक जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग एडीजी सिक्योरिटी विजय कुमार करेंगे। 15 एसपी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
इससे पहले शनिवार को एसपीजी के अधिकारियों ने पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बाबतपुर एयरपोर्ट, वाजिदपुर और रामनगर में एडवांस सिक्योरिटी लायजनिंग (एएसएल) बैठक कर पीएम मोदी की सुरक्षा और मंच से लेकर सभास्थल व कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। साथ ही, वाजिदपुर और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थल को प्रत्यक्ष निगरानी में ले लिया।
एसपीजी के अधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से कहा है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक न होने पाए। मगर, इसकी आड़ में किसी के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत भी सामने ना आए।
फोर्स का ध्यान वीवीआईपी पर नहीं बल्कि आमजन की गतिविधि पर हो। पीएम मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में 15 पुलिस अधीक्षक, 20 एडिशनल एसपी, 42 डीएसपी, 16 थानाध्यक्ष, 525 एसआई, 610 हेड कांस्टेबल, 2225 कांस्टेबल, 48 महिला एसआई, 180 महिला कांस्टेबल, 250 होमगार्ड, छह कंपनी पीएसी, सात कंपनी सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के साथ ही छह ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 10 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर, 42 हेड कांस्टेबल ट्रैफिक पुलिस, 280 कांस्टेबल ट्रैफिक पुलिस और 300 होमगार्ड ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेंगे।
रविवार को वाजिदपुर में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाली फोर्स की ब्रीफिंग होगी। इसके बाद पीएम मोदी की डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल और सेना के तीन हेलीकॉप्टर का बाबतपुर एयरपोर्ट से वाजिदपुर व रामनगर में टच एंड गो का रिहर्सल होगा। शाम के समय फोर्स की डी-ब्रीफिंग होगी। एसपीजी के घेरे में रहने वाले पीएम मोदी की सुरक्षा में एनएसजी के कमांडो, एटीएस के कमांडो और केंद्रीय खुफि या इकाइयों के 25 से ज्यादा अधिकारी भी तैनात रहेंगे।
इसके अलावा एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और डॉग स्क्वॉड के साथ दमकल के वाहन वाजिदपुर और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही थल सेना, वायु सेना और नौसेना के जवान एलर्ट मोड में रहेंगे। वाजिदपुर और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थल के समीप वॉच रूफ टॉप फोर्स तैनात की गई है। दोनों कार्यक्रम स्थल सीसी कैमरे की निगरानी में रहेंगे।