मिर्जामुराद। कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में मंगलवार को आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत संगोष्ठी एवं किसान मेला का आयोजन किया गया। इसमें किसानों ने केंद्र पर लाइव प्रसारण के माध्यम से कृषि मंत्री का संबोधन सुना। जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले 13 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि विधायक नील रतन सिंह पटेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान समृद्ध होगा तभी देश खुशहाल हो सकता है। इसके लिए हम सभी को जागरूक होने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती के लिए किसानों को जागरूक कर रहे हैं। विधायक ने जैविक खेती के साथ पशुपालन और सब्जियों का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पद्मश्री किसान चंद्रशेखर सिंह ने खेती के बारीकियां बताते हुए अपने अनुभव को साझा किए। उप कृषि निदेशक डा. ए के सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अश्वनी सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार, डॉ. नरेंद्र रघुवंशी, डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह आदि लोगों ने किसानों को संबोधित किया। प्रगतिशील महिला किसान सुमन कुमारी ने भी खेती की नई तकनीक बताई।
इनसेट----
फल एवं सब्जियों से जुड़े कृषि यंत्रों का लगा स्टॉल
इस मौके पर नमामि गंगे से जुड़े जैविक खेती पर आधारित फल एवं सब्जियों, नई तकनीक से जुड़े कृषि यंत्रों, प्राकृतिक एवं जैविक क्षेत्रों से जुड़े बीज आदि का स्टाल लगा प्रदर्शन किया गया। वहीं पीएनबी कृषि प्रशिक्षण केंद्र नागेपुर द्वारा नारी स्वावलंबन से संबंधित सिलाई कढ़ाई व खिलौने का स्टाल लगाया गया।