एक दिवसीय दौरे पर रविवार को वाराणसी पहुंची कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां कूष्मांडा के दरबार में हाजिरी लगाई। नवरात्र के मौके पर विशेष पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। विश्वनाथ मंदिर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका का स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ को काबू करने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ की आपाधापी में एक पुलिसकर्मी का राजकीय बिल्ला उखड़कर जमीन पर गिर गया। जिसे बाद में दूसरे पुलिसकर्मी ने उठाया।
काशी विश्वनाथ मंदिर में महंत परिवार द्वारा प्रियंका को पूजन कराया गया। अर्चक तेज नारायण ने पांच ब्राह्मणों से पूजा सम्पन्न कराई। साथ मे उन्हें प्रसाद भेंट की गई। वहीं अन्नपूर्णा मंदिर में महंत शंकर पुरी ने उन्हें मां के दर्शन कराए और प्रसाद के रूप में चुनरी व प्रसाद दिया।
विश्वनाथ व अन्नपूर्णा मंदिर में करीब आधे घंटे के दर्शन-पूजन में प्रियंका गांधी ने किसानों के नाम संकल्प लिया। यहां से प्रियंका दुर्गाकुंड स्थित मां कूष्मांडा मंदिर पहुंचीं। पुरोहित चंदन दुबे ने बताया की पूजा-अर्चना के दौरान प्रियंका ने आगामी यूपी चुनाव में विजय की मन्नत मांगी। साथ ही सरकार बनने पर फिर से मंदिर में दर्शन करने की बात कही। माता का आशीर्वाद लेकर रोहनिया में आयोजित किसान न्याय रैली के लिए निकल पड़ीं।
मां अन्नपूर्णा की चुनरी पहन बाहर निकलीं प्रियंका
काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत राजेंद्र तिवारी उर्फ बबलू महंत की मौजूदगी में टेक नारायण मंदिर अर्चक ने पांच वैदिक ब्राह्मणों के साथ षोड़षोपचार पूजन कराया। जिसके बाद अन्नपूर्णा दर्शन किया और चुनरी पहन कर बाहर निकलीं। महासचिव ने गोदौलिया स्थित छत्ताद्वार को देखते मंदिर परिषर में प्रवेश किया। जिसके बाद दक्षिणी द्वार से शिखर को नमन करते हुए गर्भ गृह में पूजन के लिए बैठीं।
उन्होंने मंदिर में अंग वस्त्र और प्रसाद भेंट किया। जिसके बाद वह अन्नपूर्णा मंदिर गई। जहां उन्होंने वैदिक ब्राह्मणों के सस्वर शविधि मंत्रोच्चार के साथ मां का दर्शन किया। मंदिर के महंत शंकरपुरी ने अन्नपुर्णा गर्भ गृह में प्रियंका को माता का तिलक लगाया और चुनरी भेंट कर आशीर्वाद दिया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक अजय राय और प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पद्मश्री बिस्मिल्लाह खान के नाती ने शहनाई से किया स्वागत
विश्व प्रसिद्ध पद्मश्री शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के नाती अजादार हुसैन ने चौक स्थित चित्रा सिनेमा के पास कांग्रेेस महासचिव प्रियंका गांधी का शहनाई वादन कर स्वागत किया। संगीत की धुन सुनकर आस-पास के लोग भी वहां इकट्ठा होने लगे। इस दौरान उनकी गंगा जमुनी तहजीब को संजोने वाले धुन ‘भोलेनाथ से निराला कोई और नही’ ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर लिया।