वाराणसी। मंडुवाडीह थाना के महेशपुर इलाके में बृहस्पतिवार की रात विवाहिता ने आग लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।
महेशपुर के रहने वाले मनोज के अनुसार पत्नी किरण प्रजापति (29) सीलिंग फैन लगवाने की जिद कर रही थी। उसने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए टेबल फैन से ही काम चलाने को कहा और बाहर सोने चला गया। देर रात लगभग 12:30 बजे किरण के चीखने की आवाज सुनकर मनोज पहुंचा तो देखा की वह आग की लपटों से घिरी हुई है। मनोज ने किसी तरह आग को बुझाया। हालांकि तब तक किरण काफी हद तक जल गई थी। गंभीर रूप से झुलसी किरण को चांदपुर स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार की भोर मौत हो गई। परिजनों के अनुसार शिवपुर थाना के शुद्धीपुर की रहने वाली किरण की शादी वर्ष 2006 में महेशपुर निवासी साड़ी की छपाई करने वाले मनोज प्रजापति से हुई थी। दोनों की दो पुत्रियां सुहानी, डिंपल और एक पुत्र जिगर है। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर विवाहिता का भाई भगवती प्रसाद प्रजापति शुक्रवार की सुबह अस्पताल पहुंचा। आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताडि़त किया जा रहा था। भगवती प्रसाद प्रजापति ने पति, सास और ससुर हरखू प्रजापति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए मंडुवाडीह पुलिस को तहरीर दी। मंडुवाडीह पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।