भारतीय फुटबॉल फेडरेशन की ओर से गुजरात में होने वाले इंडियन महिला फुटबॉल लीग में जिले की तीन बेटियों का चयन हुआ है। दो खिलाड़ी बंगलूरू और एक तमिलनाडु की टीम की ओर से खेलेंगी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के इंटर काॅलेज मैदान में प्रशिक्षण देने वाले भैरव दत्त ने बताया कि फुटबॉल नर्सरी की संध्या राय, चांदनी पटेल का बंगलूरू और गुड़िया पटेल का तमिलनाडू टीम में चयन हुआ है।
तीनों खिलाड़ी 26 अप्रैल से 15 मई तक अहमदाबाद में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। भैरव दत्त ने बताया है कि नर्सरी की बेटियों को पहली बार फुटबॉल लीग में हिस्सा लेने का मौका मिला है। संध्या राय, गुड़िया और चांदनी पटेल तीन बार उत्तर प्रदेश की ओर से राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुकी हैं। फुटबॉल नर्सरी की पचास से अधिक बालिकाएं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं।