माधव शास्त्री दातार की ओर से शुरू की गई पांच दिवसीय दातार पंचक्रोशी यात्रा की 105वीं यात्रा की शुरुआत बृहस्पतिवार को हुई। विभिन्न शहरों से आए श्रद्धालुओं ने मणिकर्णिका घाट पर स्नान कर आदि विश्वेश्वर मंदिर में संकल्प लेकर यात्रा की शुरुआत की। यात्रा में विशेष रूप से काशीराज परिवार की विष्णुप्रिया और हरिप्रिया भी शामिल रहीं।
समिति के निर्देशक विश्वनाथ नारायण शास्त्री पालंदे की अगुवाई में निकली यात्रा पहले पड़ाव कर्दमेश्वर महादेव कंदवा पहुंची। विश्वनाथ नारायण शास्त्री पालंदे ने कथारस से सभी को आनंदित किया। इस यात्रा के शुरू में काशी नरेश भी शामिल हुए थे। इसी परंपरा को निभाते हुए काशीराज परिवार के सदस्य भी शामिल होते हैं। यात्रा शुक्रवार को दूसरे पड़ाव भीमचंडी पहुंचेगी। इसके बाद रामेश्वर, पांचो पांडवा शिवपुर और अंतिम पड़ाव कपिलधारा पहुंचेगी। यहां से यात्रा पुन: मणिकर्णिका पहुंचेगी, जहां सभी संकल्प छोड़ाकर यात्रा को विराम देंगे। यात्रा में महादेव पालंदे, वैभव किशोर गोस्वामी, मनोज ओझा, मुकुंद लाल शेलत, प्रदीप शर्मा, निशांत अग्रवाल, शिवाजी राव, अजय यादव सहित 50 श्रद्धालु शामिल रहे।