अभी तक आपने टेलीविजन पर ताकतवर इंसानों को चार पहिया गाड़ी खींचते और वजन उठाकर चहलकदमी करते देखा होगा मगर बनारस के लोगों के लिए ऐसा नजारा जल्द ही उनकी आंखों के सामने होगा। वर्ल्ड स्ट्रांगमैन फेडरेशन की पहल पर वाराणसी में नौ और दस अप्रैल को डब्ल्यूएसएफ (वर्ल्ड स्ट्रांगमैन फेडरेशन) प्रेसिडेंट वर्ल्ड कप चैंपियनशिप आयोजित होगा। दो दिवसीय इस चैंपियनशिप में लातविया, उज्बेकिस्तान, रूस, आयरलैंड और नार्वे समेत दुनिया के 14 मुल्कों के सर्वाधिक शक्तिशाली (स्ट्रांगेस्ट) खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। स्ट्रांगमैन फेडेरशन आफ इंडिया के बैनर तले यह वर्ल्ड चैंपियनशिप वाराणसी के डॉ. संपूर्णांनद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में पहली बार विश्व स्तर का साहसिक खेल आयोजित हो रहा है।
इंडियन स्ट्रांगमैन फेडरेशन के अध्यक्ष प्रदीप बाबा मधोक के अनुसार भारत में इस तरह का यह पहला आयोजन है। बाबा मधोक ने बताया कि डब्ल्यूएसएफ प्रेसिडेंट वर्ल्ड कप में टर्मो मिट (इस्टोनिया), रोनाल्ड गलबिस (लातविया), डेलियस जिमिनकास (लिथुवानिया), सर्गेई तुरुबिकीन (उज्बेकिस्तान), मिखाइल शिविलाकोव (रूस), मार्क फेलिक्स (यूके), सर्गेई वेचिनस्की (बेलारूस), तोमाज कोवल (पोलैंड), मैथ्यू मैकॉय (आयरलैंड), टीम एनर्सन (नार्वे), जाकी खान (मलयेशिया) और वोस्टान गोवर्जिन (अर्मेनिया) अपने हैरतअंगेज कारनामों और स्टंट से दुनिया को अपनी असीम ताकत का अहसास कराएंगे। सात इवेंट में होगी ताकत का जोर आजमाइशः प्रतिभागी खिलाड़ी सात अलग-अलग इवेंट में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। यह इवेंट है कार उठाना, सिर पर 120 किलोग्राम भार लेकर चहलकदमी, 40 मीटर तक सिर पर 130 किलोग्राम वजन लेकर चहलकदमी, 40 मीटर तक ट्रक खींचना, 300 किलोग्राम वजनी टायर को बिना रुके आठ बार पलटना, ट्रक पर 120 से 150 किलो वजनी समान उठाकर रखना शामिल है। भारतीयों को मिलेगी वाइल्ड कार्ड एंट्रीः मेजबान होने के नाते दो भारतीय खिलाड़ियों को डब्ल्यूएसएफ प्रेसिडेंट वर्ल्ड कप में वाइल्ड कार्ड एंट्री दी जाएगी। इस विश्व चैंपियनशिप के लिए दुनिया भर के खिलाड़ियों का चयन क्वालिफाइंग मुकाबले के आधार पर हुआ है। विजेता को 20 हजार अमेरिकी डॉलर (करीब 12 लाख रुपये) का इनाम मिलेगा। चार बार वर्ल्ड स्ट्रांगेस्ट मैन का खिताब जीत चुके मैग्नस वेर मैग्नसन इस चैंपियनशिप के चीफ रेफरी होंगे। इनके अलावा दुनिया के नामचीन खिलाड़ी (स्ट्रांगमैन) ग्लेन रोज और विश्व विजेता भारोत्तोलक लियोनिड टारानेन्को भी इस चैंपियनशिप में निर्णायक की भूमिका में होंगे।