Varanasi News: 31 दिसंबर से दो जनवरी तक काशी विश्वनाथ मंदिर में आरती और दर्शन की ऑनलाइन बुकिंग बंद हो गई है। नए साल पर भीड़ के दबाव को देखते हुए ये निर्णय लिया गया है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में नए साल पर श्रद्धालुओं को आरती व दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट नहीं मिलेंगे। मंदिर प्रशासन ने भीड़ के दबाव को देखते हुए अभी से ही 31 दिसंबर से दो जनवरी तक के टिकट की ऑनलाइन बुकिंग को बंद कर दिया है। वहीं अगले महीने भर के लिए आरती के सभी स्लॉट फुल हो चुके हैं।
विज्ञापन
काशी विश्वनाथ मंदिर में अगले एक महीने तक आरती के लिए सभी टिकट बुक हो चुके हैं। महज सात जनवरी के लिए 70 टिकट उपलब्ध हैं जो आने वाले 24 घंटे में बुक हो सकते हैं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि धाम बनने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ के दबाव को देखते हुए प्रत्येक वर्ष 31 दिसंबर से दो जनवरी तक ऑनलाइन बुकिंग बंद रहती है। इस बार भी 31 दिसंबर से दो जनवरी तक ऑनलाइन बुकिंग को बंद कर दिया गया है। स्पर्श दर्शन के संबंध में भीड़ के सापेक्ष सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति के अनुसार उसी समय ही निर्णय लिया जाता है।
उन्होंने बताया कि मंदिर की चार प्रहर की आरती के लिए बुकिंग की सुविधा मंदिर की वेबसाइट पर उपलब्ध है। मंदिर के ऐप पर सुगम दर्शन व रुद्राभिषेक की बुकिंग ही उपलब्ध है। मंदिर के ऐप पर आरती के लिए टिकट बुकिंग को बंद कर दिया गया है।
मंदिर की आरती के एडवांस टिकट के लिए ऑनलाइन बुकिंग एक माह के लिए ही उपलब्ध होती है। मंदिर की वेबसाइट और ऐप पर सुगम दर्शन व रुद्राभिषेक के 2 जनवरी के बाद के टिकट उपलब्ध हैं। वेबसाइट पर मंगला आरती के 7 तारीख के लिए 70 टिकट उपलब्ध हैं।