बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दरबार भी अब डिजिटल हो गया है। मंदिर प्रशासन ने श्री काशी विश्वनाथ आरती बुकिंग एप लांच कर दिया है। इसके जरिए अब घर बैठे कहीं से भी बाबा दरबार की मंगला आरती से शयन आरती तक के टिकट बुक किए जा सकेंगे।
जल्द ही एप के माध्यम से बाबा के लाइव दर्शन, पूजा-पाठ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान की सुविधाएं भी ऑनलाइन करने की तैयारी है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तारीकरण के साथ ही उसके डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विशाल सिंह ने बताया कि देश-दुनिया से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सहूलियत के लिए श्री काशी विश्वनाथ आरती बुकिंग एप लांच किया गया है। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर श्री काशी विश्वनाथ आरती बुकिंग के नाम से उपलब्ध है।
इस एप को डाउनलोड करके कोई भी व्यक्ति अपना अकाउंट क्रिएट कर सकता है और इसकी ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठा सकता है। एप की मदद से बाबा श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती, भोग आरती, सप्तऋषि आरती एवं शयन आरती के दर्शन के टिकट की बुकिंग के लिए डेढ़ सौ और तीन सौ रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
यह एप अभी और विकसित किया जा रहा है। इसके जरिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में आने वाले भक्त मंदिर के गेस्ट हाउस की बुकिंग भी करवा सकेंगे। जल्द ही एप के जरिए बाबा के लाइव दर्शन सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।