नए साल में श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। दिसंबर के शुरुआती 13 दिनों में जहां 18.91 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे, वहीं महज चार दिनों में 18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के झांकी दर्शन किए।
साल 2024 के अंतिम दिन 31 दिसंबर और नए साल के पहले दिन एक जनवरी 2025 श्रद्धालुओं की संख्या ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 13 दिसंबर तक 13 दिन में 18 लाख 91 हजार 538 श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया। 30 दिसंबर से दो जनवरी तक श्रद्धालुओं की भीड़ 13 दिनों पर भारी रही।
पौष के महीने में सावन से भी ज्यादा भीड़ मंदिर में उमड़ी। 30 दिसंबर को साढ़े तीन लाख, 31 जनवरी को 5 लाख 7 हजार 321, एक जनवरी को 7 लाख 43 हजार 699 और दो जनवरी को दो लाख 25 हजार 685 श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया।
चार दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या 18 लाख 26 हजार 705 रही। बृहस्पतिवार को भी काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हालांकि दोपहर के बाद भीड़ का दबाव कम हुआ लेकिन बैरिकेडिंग में कतार अनवरत चल रही थी। श्रद्धालुओं ने बाबा के झांकी दर्शन किए।